टेंपो में पास बैठे युवक ने व्यापारी की जेब से 50 हजार रुपए चुराए

Feb 21 2021

ग्वालियर। एक व्यापारी को टेंपो में एक किलोमीटर का सफर 50 हजार रुपए का पड़ा। वह शिंदे की छावनी से फूलबाग के लिए टेंपो में सवार हुए थे। पास बैठे युवक ने जेब काट दी। घटना फूलबाग चौराहा की है। फूलबाग पर जेब कट उतर कर बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया। इसके बाद घटना का पता चला। पुलिस को सूचना दी गई। रविवार को पड़ाव थाना में पुलिस ने मामला दर्ज किया है। अब पुलिस सीसीटीवी फुटेज में बाइक का नंबर तलाश रही है।
उपनगर ग्वालियर के गुदड़ी मोहल्ला निवासी सुनील कुमार जैन पुत्र जीवाराम जैन व्यापारी हैं। वह काम के सिलसिले में विदिशा गए थे। यहां से 50 हजार रुपए लेकर घर के लिए निकले थे। ट्रांसपोर्ट नगर से ऑटो के जरिए शिंदे की छावनी पहुंचे। यहां शिंदे की छावनी से फूलबाग के लिए टेंपो में बैठे।
इस दौरान एक युवक तेजी से आया और उनके पास आकर बैठ गया। इसके बाद फूलबाग आते ही वह युवक उतरा। वह किराए दिए बिना ही पास ही खड़े बाइक सवार के साथ भाग गया। युवक को इस तरह उठकर जाते देख सुनील ने अपनी जेब पर हाथ रखा, तो जब कटी हुई थी। उसमें रखे रुपए गायब थे। शोर मचाकर वह युवक के पीछे दौड़े, तभी बाइक सवार ने गाड़ी दौड़ा दी। आरोपी कुछ ही सेकंड में फरार हो गए।
सुनील ने बताया, बाइक सवार जेब कट को पकडऩे के लिए वह दौड़े, लेकिन वह बाइक से भाग गए। कई लोगों से लिफ्ट मांगी, लेकिन किसी ने मदद नहीं की।
टेंपो, ऑटो में लगातार वारदातें हो रही हैं। हर दिन एक या दो वारदात जेब कटी की होती हैं। पुलिस सवारी वाहनों में हो रही वारदातों को गंभीरता से नहीं लेती। शिकायत करने आने वालों से पहले आवेदन लिया जाता है। 24 घंटे बाद मामला दर्ज करती है। इस दौरान आरोपी को पकडऩे के लिए कार्रवाई नहीं करती।
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई घटना
मौके पर पहुंची पुलिस आरोपी की पहचान के लिए पीडि़त को पुलिस कंट्रोल रूम लेकर पहुंची। जहां पर सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर संदेही चोर के फुटेज मिले हैं। पुलिस ने फुटेज के आधार पर संदेही की तलाश शुरू कर दी है।