सड़कों पर निकले कांग्रेसी, कहा बंद को बनाएं सफल

Feb 19 2021

ग्वालियर। पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस के दामों के साथ ही अन्य जरूरी सामान की कीमतों में बेतहाशा वृध्दि के खिलाफ कांग्रेस ने आज शनिवार को आधे दिन दोपहर दो बजे तक शहर बंद बंद का आव्हन किया है। इससे पहले कांग्रेस द्वारा बंद को सफल बनाने के लिए तैयार की गई रूपरेखा के अनुसार कांग्रेसी सुबह से ही अपने-अपने क्षेत्रों में निकल पड़े हैं और दुकानदारों, बड़े व्यवसायियों के साथ सड़क पर धंधा करने वालों के साथ ही आमजनों से भी अपील कर रहे हैं कि वह आज सभी जनहित में किए जा रहे कांग्रेस के बंद को पूरा समर्थन दें, ताकि सुरसा की तरह बढ़ रही महंगाई पर अंकुश लग सके।
सोशल मीडिया पर भी अपील 
कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया फेस बुक, व्हॉट्सअप ग्रुपों पर भी लोगों से बड़े स्तर पर अपील की जा रही है कि वह लगातार बढ़ती मंहगाई के खिलाफ कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध का जोरदार समर्थन करें। इसमें यह भी कहा गया है कि केंद्र सरकार लगातार मंहगाई बढ़ाकर आम लोगों की आर्थिक रूप से कमर तोडऩे पर लगी है। यदि यही हालात रहे तो फिर घर खर्च चलाना भी मुश्किल हो जाएगा। पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के दामों में बढ़ोतरी हर रोज हो रही है। एक ओर जहां केंद्र सरकार हर घर में रसोई गैस कनेक्शन देने की बात कहकर अपनी पीठ थपथपा रही है, लेकिन इन मंहगी दरों पर कितने गरीब सिलेंडर खरीद सकेंगे। पेट्रोल-डीजल के दाम में इस तरह की बढ़ोतरी आजादी के बाद पहली बार हो रही है, इससे साफ है कि सरकार में बैठे लोग अपनी जेब भरने में लगे हैं, लेकिन कांग्रेस जन हित में सड़क पर उतरकर इसका जमकर विरोध करती रही है और आगे भी करती रहेगी।