पुलिस को चकमा देकर रेलवे ट्रेक पर पहुंचे प्रदर्शनकारी, पुलिस ने हिरासत में लिया

Feb 18 2021

ग्वालियर। किसानों के समर्थन में देशभर में जारी रेल रोको आंदोलन का ग्वालियर अंचल में खासा असर देखने को मिल रहा है और यहंा ग्वालियर और आसपास के जिले में किसान नेताओं द्वारा रेलवे ट्रेक पर प्रदर्शन किया जा रहा है। ग्वालियर में भी फूलबाग से रैली निकाल कर पहुंचे प्रदर्शनकारियों ने यहंा रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस को चकमा देकर पटरियों पर पहुंचने में सफलता पा ली, और करीबन एक घंटे तक यहंा रेलवे ट्रेक पर किसान नेताओं माकपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रदर्शन किया। बाद में मौके पर पहुंची रेलवे पुलिस ने सभी प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। प्रदर्शनकारियों ने यहंा पुलिस पर लाठीचार्ज करने और दमनकारी नीति अपनाने का भी आरोप लगाया है।
कृषि कानून के विरोध में किसानों द्वारा बुलाए गए रेल रोको आंदोलन का असर केवल मध्य प्रदेश में केवल ग्वालियर अंचल में ही देखने को मिल रहा है। ग्वालियर के डबरा में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक तक पहुंच गए। पुलिस ने क्रांसिंग पर ही उन्हें रोक लिया, इसके बाद वे पटरी पर बैठ गए। मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात है जो किसानों को पटरी से हटा रहा है, लेकिन किसान हटने को राजी नहीं। ग्वालियर में रेलवे स्टेशन पर चेकिंग लगा रखी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी पुलिस को चकमा देते हुए एजी पुल के पास से आउटर से होते हुए रेलवे स्टेशन पर पहुंच गए।