रात में रजाई तो दिन में धूप पड़ रही भारी

Feb 11 2021

ग्वालियर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर में आज सर्दी का अहसास लगभग दम तोड़ गया। रात का पारा सामान्य से डेढ़ डिग्री सेल्सियल से भी ऊपर चला गया। कल दिन का पारा साढ़े तीस डिग्री के पार पहुंचा और शीतलहर के गायब हो जाने से पारे के तगड़े असर से रजाई और कंबल ओढऩे में बेचैनी महसूस होने लगी थी, गुरुवार सुबह जब लोग जागे तो फिर  तेज धूप सूर्योदय के साथ ही तीखे तेवरों के साथ निकली और सुबह से सर्दी का अहसास न के बराबर रहा। आठ बजे से ही धूप चुभने लगी, ऐसे में लोगों को गर्म कपड़ों से परहेज करना पड़ा। सर्दी के कारण प्रभावित जनजीवन भी टोटल सामान्य हो गया और लोगों ने मौसम के बदलाव का घर से बाहर आकर जमकर लुत्फ उठाया। अब लोगों को राहत देने वाली बात यह है कि रात और दिन के पारे में इजाफा होगा, सर्दी के पलटवार की संभावना लगभग न के बराबर है।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर और जनवरी में भले ही सर्दी ने अपना प्रभाव बीच-बीच में बनाने की कोशिश की थी, लेकिन निरंतरता नहीं रही। पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी भी ज्यादा असर नहीं दिखा सकी। शीतलहर सात किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आगे नहीं बढ़ी । तब लोग सर्दी से लगभग राहत में रहे। इधर फरवरी के आगाज के साथ ही ठंड दम तोडऩे लगी थी और माह के दूसरे ही सप्ताह में गर्मी ने अपना असर दिखा दिया। जहां एक फरवरी को रात का पारा 5.6 डिग्री सेल्सियस था और सामान्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस कम था, वहीं 10 और 11 फरवरी की दरमियानी रात पारा 11.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया और सामान्य से 1.7 डि़ग्री सेल्सियस अधिक रहा, जिसने मौसम के मिजाज को पूरी तरह बदलकर रख दिया।
मौसम विशेषज्ञ सीके उपाध्याय ने बताया कि अब शुक्रवार को बादल छा सकते हैं, वहीं इसके बाद आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। इनका कहना है कि अब सर्दी के पलटवार की संभावना बेहद कम है, लेकिन आने वाला गर्मी का मौसम बेहद परेशान करने वाला हो सकता है।