मुख्यमंत्री ने स्मार्ट सिटी बस एवं दीनदयाल चलित रसोई वाहन को दिखाई हरी झण्डी

Feb 07 2021

ग्वालियर। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को ग्वालियर प्रवास के दौरान विमानतल पर तीन योजनाओं के वाहनो को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। स्मार्ट सिटी योजना के तहत चार बसों, दीनदयाल रसोई चलित वाहन तथा राष्ट्रीय बाल सुरक्षा कार्यक्रम के तहत 7 बच्चों को उपचार हेतु इंदौर ले जा रही बस शामिल है। 
मुख्यमंत्री चौहान के साथ ज्योतिरादित्य सिंधिया, विवेक नारायण शेजवलकर, प्रद्युम्न सिंह तोमर, महेन्द्र सिंह सिसौदिया,ओमप्रकाश सखलेचा, भारत सिंह कुशवाह, ओ पी एस भदौरिया, पूर्व मंत्री श्रीमती माया सिंह, पूर्व मंत्री अनूप मिश्रा, कमल माखीजानी सहित जनप्रतिनिधि और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। 
मुख्यमंत्री ने निराश्रित एवं असहाय लोगों को भोजन उपलब्ध कराने हेतु नगरीय निकायों द्वारा संचालित की जाने वाली दीनदयाल चलित रसोई वाहन को हरी झण्डी दिखाई। ग्वालियर में यह चलित दीनदयाल रसोई वाहन सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक शहर के प्रमुख स्थानों पर पहुँचकर भोजन पैकेट उपलब्ध करायेगी। इनमें हनुमान मंदिर बाड़ा, जेएएच चिकित्सालय परिसर, जिला चिकित्सालय मुरार, इंटक मैदान हजीरा तथा पिंटो पार्क व हॉकर्स जोन शामिल है। 
स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नवीन चार बसों को शामिल किया गया है। इनमें दो बसें भोपाल एवं दो बसे अशोकनगर रवाना की गई हैं। स्मार्ट बसों के माध्यम से यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधा भी उपलब्ध होगी। 
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने हृदय रोग से पीडि़त 7 बच्चों के ऑपरेशन हेतु इंदौर भेजे जाने वाली बस को भी हरी झण्डी दिखाई महिला एवं बाल विकास द्वारा सर्वे कर चयनित बच्चों में से प्रथम चरण में 7 बच्चों को इंदौर भेजा गया है। इनके विभिन्न ऑपरेशनों पर 50 हजार रूपए से 2 लाख रूपए तक का व्यय होगा। कुल 10 लाख रूपए का संभावित व्यय है जो शासन द्वारा वहन किया जायेगा।