खानपान की दुकानों पर उमड़ रही है भीड़ , दोपहर बाद होती है मेले में रौनक

Feb 03 2021

ग्वालियर। दोपहर बाद मेले में सैलानियों की भीड़ उमडऩे लगी है। मेले में अभी भेलपुरी, सॉफ्टी, आइसक्रीम, पापड़, खजले वालों की दुकानें सज गई हैं। वहीं हरिद्वार चाट भंडार पर भी लोगों का निरंतर जाना जारी है। मेले में कोई रोक-टोक नहीं होने के कारण सैलानी अभी बाइक और कारों से मेला घूमने आ रहे हैं।
मेले में सुबह होते ही मूंगफली, पानी की टिक्की, पॉपकॉर्न, नमकीन बेचने वाले ठेले पहुंच जाते हैं। मेले में हाथ से चलने वाले झूले वाले भी पहुंच गए हैं। परिवार के साथ जाने वाले बच्चे इन झूलों पर झूल रहे हैं। वहीं व्यापारी भी तेजी से मेला लगाने के लिए काम कर रहे हैं। मेले में बड़ी संख्या में बल्ली, टीनशेड, ईटें, सीमेंट आदि पहुंच गया है। इसे व्यापारी अपने स्तर पर ही उपयोग कर रहे हैं।
मेले में खानपान सेक्टर में लोगों के लिए धूप में टेबल-कुर्सी डाल दी गई हैं। मेला आने वाले सैलानी यहां बैठकर खानपान की सामग्री का लुत्फ ले रहे हैं। मेले के बाहर भी बड़ी संख्या में अमरूद, भुट्टे, पानी की बोतलों की दुकानें सज गई हैं। इन दुकानों पर सैलानियों को भुट्टे उबालकर दिए जा रहे हैं। इसके अलावा मूंगफली और पॉपकॉर्न बेचने वालों की बिक्री भी खूब हो रही है।
शिल्प मेले में आने वाली युवतियों को लेदर से बने जैकेट, पर्स, बैग, चप्पलें आदि खूब भा रहे हैं। गुजरात स्थित कच्छ के व्यापारी धनजी लेदर का सामान लेकर ग्वालियर आए हैं। धनजी का कहना है कि वे लंबे समय से ग्वालियर के शिल्प बाजार में हाथ से बने हुए अपने प्रॉडेक्ट लेकर आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल शिल्प बाजार बहुत कम दिनों के लिए लगा है जिससे व्यापारियों में निराशा है।