रात में हल्की सर्दी, सुबह से चुभने लगी धूप

Feb 03 2021

ग्वालियर। पश्चिमी विक्षोभ के असर से शहर में बुधवार को सर्दी का अहसास लगभग दम तोड़ गया। रात का पारा सामान्य से डेढ़ डिग्री सेल्सियल ऊपर चला गया। कल दिन का पारा 29 डिग्री के पार पहुंचा और शीतलहर के गायब हो जाने के कारण रात में भी सर्दी कम ही थी, यही नहीं रात के वक्त बढ़े पारे के असर से रजाई और कंबल में बेचैनी सी महसूस होने लगी थी, सुबह जब लोग जागे तो फिर  तेज धूप सूर्योदय के साथ ही तीखे तेवरों के साथ निकली और सुबह से सर्दी का अहसास कमजोर रहा। आठ बजे से ही धूप चुभने लगी, ऐसे में लोगों को गर्म कपड़ों से परहेज करना पड़ा। 
सर्दी के कारण प्रभावित जनजीवन भी टोटल सामान्य हो गया और लोगों ने मौसम के बदलाव का घर से बाहर आकर जमकर लुत्फ उठाया। अब लोगों को राहत दने वाली बात यह है कि रात और दिन के पारे में इजाफा होगा, सर्दी के पलटवार की संभावना लगभग न के बराबर है।
उल्लेखनीय है कि दिसंबर और जनवरी में भले ही सर्दी ने अपना प्रभाव बीच-बीच में बनाने की कोशिश की थी, लेकिन निरंतरता नहीं रही। पहाड़ी क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी भी ज्यादा असर नहीं दिखा सकी। शीतलहर सात किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आगे नहीं बढ़ी। तब लोग सर्दी से लगभग राहत में रहे। इधर फरवरी के आगाज के साथ ही ठंड दम तोड़ती दिखाई देने लगी।
मौसम विशेषज्ञ सीके उपाध्याय ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से अब गुरुवार व शुक्रवार को बादल छाए रहेंगे, हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है, लेकिन पारा नहीं गिरेगा, वहीं इसके बाद आसमान पूरी तरह साफ हो जाएगा। इनका कहना है कि अब सर्दी के पलटवार की संभावना बेहद कम है, लेकिन आने वाला गर्मी का मौसम बेहद परेशान करने वाला हो सकता है।