हवा की दिशा बदलते ही ठंड से मिल रही हल्की राहत

Feb 02 2021

ग्वालियर। उत्तर की ओर से आ रहीं गलाव वाली हवा की दिशा बदलते ही ठंड से हल्की राहत मिलना शुरू हो गई। कल सोमवार को दिन में ठंड महसूस हो रही थी वहीं रात को भी पिछले दिनों की तुलना में ठंड काफी कम थी। न्यूनतम पारा भी धीरे-धीरे ऊपर जा रहा है। दो दिनों में ही इसमें करीब 2 डिग्री का इजाफा हो गया है।
अगले एक-दो दिन में ठंड के और कम होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। हालांकि मंगलवार की सुबह सूरज समय पर निकला और ठंड से राहत मिल रही है। मौसम विभाग के अनुसार उारी हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी होते ठंडक थोड़ी कम हुई।
हालांकि सोमवार को भी शाम के बाद लोग गरम कपड़ों से ढके रहे लेकिन ठंड और ठिठुरन पहले के जैसी नहीं रही। रात में सर्द हवाओं से हल्की ठंडक का एहसास हुआ। अगले एक-दो दिन इसी तरह की ठंड महसूस होगी इसके बाद थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। क्योंकि हवाओं की दिशा बदल चुकी है। अभी तक हवाएं पूरी तरह उत्तरी रहीं जो सोमवार की सुबह से ही उत्तर-पूर्वी हो गई थीं। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तरी हवाओं में बर्फीली ठंडक घुली थी।