दुकानों के लिए चक्कर लगा रहे हैं , व्यापारी झूले लगे-दुकानें सजी, तारीख का इंतजार

Feb 01 2021

ग्वालियर। मेले की तारीख भले ही घोषित नहीं हुई हो लेकिन व्यापारी लगातार दुकानें लगाने आ रहे हैं। गत दिवस मेला मैदान में झूला से?टर और खान-पान सेक्टर का व्यापारियों ने भूमिपूजन किया। वहीं व्यापारी प्रतिदिन दुकानों के लिए मेला प्राधिकरण के चक्कर लगा रहे हैं। लेकिन तारीख घोषित नहीं होने के कारण उन्हें दुकानों का आवंटन नहीं हो पा रहा है।
मेले की तारीख की घोषणा नहीं होने के कारण मेला प्राधिकरण मेले में कोई काम नहीं करा पा रहा है। इसके चलते मेले में आए व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। व्यापारियों को सबसे ज्यादा परेशानी बिजली और पानी को लेकर है। रात होते ही मेले में अंधेरा छा जाता है। व्यापारी अपने-अपने प्रतिष्ठानों पर इलेक्ट्रॉनिक लेंपों से रोशनी कर रहे हैं। 
बिजली-पानी को लेकर सचिव से मिले व्यापारी
बिजली और पानी की मांग को लेकर व्यापारी मेला प्राधिकरण के सचिव निरंजन लाल श्रीवास्तव से मिले थे। उन्होंने मेला सचिव से बिजली और पानी की व्यावस्था करने की मांग की थी। लेकिन तारीख घोषित नहीं होने के कारण उन्होंने पानी और बिजली की व्यवस्था करने में असमर्थता जता दी।
ठेले वाले भी पहुंचे 
मेले में खान-पान के स्टॉल लगना भी शुरू हो गए हैं। मेले में सॉफ्टी और भेलपूरी की दुकानें भी लग गई हैं। साथ ही मूंगफली और पॉपकॉर्न बेचने वाले भी मेले में ठेले लेकर आने लगे हैं।
खानपान सेक्टर में किया भूमिपूजन
मेला व्यापारी संघ द्वारा गत दिवस झूला सेक्टर और खानपान सेक्टर का भूमिपूजन किया गया। इसके बाद व्यापारी संघ के पदाधिकारी मेले की तिथि घोषित करने के लिए भाजपा के मीडिया प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर से मिले। इस अवसर पर दुकानदार संघ के अध्यक्ष महेन्द्र भदारिया, अनिल पुनियानी, महेश मुदगल, उमेश उप्पल आदि उपस्थित थे।
और लेट हो जाएगा मेला
जिला प्रशासन ने एमएसएमई मंत्री ओम प्रकाश सखलेचा को 10 फरवरी से 31 मार्च तक मेला लगाने का प्रस्ताव भेजा था। लेकिन अभी तक मेला लगाने की तारीख घोषित नहीं की गई है। तारीख घोषित होने के बाद बिजली, पानी, पुताई सहित अन्य ठेके भी होंगे। ऐसे में मेला लगाने में और समय लग जाएगा।