सुबह से ही दवा पिलाने माताएं लेकर पहुंचीं नौनिहालों को बूथों पर

Jan 31 2021

ग्वालियर। नौनिहालों को पल्स पोलियो रोग से मुक्ति दिलाने के लिए रविवार की सुबह से शुरु किए गए पल्स पोलियो अभियान के तहत माताएं अपने नवजात से लेकर पांच साल तक के मासूमों को दवा पिलाने घर के पास स्थित आंगनबाड़ी व प्राथमिक स्वास्थ्य केंन्द्रों पर सुबह से पहुंची और बीमारी से मुक्ति दिलाने के लिए पल्स पोलियो की खुराक पिलवाई। आज से शहर के साथ ही जिले में भी राष्ट्रीय पल्स पोलियो टीकाकरण अभियान की शुरुआत सुबह आठ बजे से हो गई।
इस बार के अभियान की विशेषता यह है कि नौनिहालों को बीओपीव्ही वैक्सीन के साथ दवा का डोज दिया जा रहा है। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. आर.के. गुप्ता ने बताया कि रविवार से शुरु किया गया अभियान आगामी दो फरवरी तक जारी रहेगा। जो बच्चे आज दवा पिलाने से वंचित रह जाएंगे उन्हें शहर के लिए गठित की गई दो हजार डोर-टू-डोर टीमें घर-घर दस्तक देकर दो बूंद जिंदगी की यानि पल्स पोलियों की खुराक पिलाएंगी। शहर में पल्स पोलियो की खुराक हर वार्ड में स्थित आंगनबाडिय़ों के साथ ही प्राथमिक व उप प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र, सिविल डिस्पेंसरी, सभी सरकारी हॉस्पीटल के साथ ही बस स्टैण्ड व रेलवे स्टेण्ड पर पोलियों बूथ बनाए गए है। 
सनद रहे कि इस बार कोविड वैक्सीन के चलते पल्स पोलियों अभियान 17 जनवरी से शुरु न कर इसे आज रविवार यानि 31 जनवरी से शुरु किया गया है यह अभियान तीन दिन तक लगातार चलेगा। स्वास्थ्य विभाग का मंतव्य है कि इस बार जिले में रहने वाले सभी साढ़े तीन लाख नौनिहालों को दवा का डोज दिया जा सके और कोई भी नौनिहाल दवा से वंचित नहीं रह सके।