फिर गुलजार होगा गांधी शिल्प बाजार

Jan 31 2021

ग्वालियर। भले ही ऐतिहासिक ग्वालियर व्यापार मेला के आयोजन पर अभी तक कुहासा बना हुआ है, लेकिन यहीं लगने वाले गांधी शिल्प बाजार में एक बार फिर रौनक दिखाई देगी। इसके लिए हरी झंडी मिलते ही देशभर से लगभग डेढ़ सैकड़ा हस्त शिल्पी अपने हाथ से तैयार किए गए शानदार नमूने लेकर यहां पहुंच गए हैं, अभी कुछ और शिल्पी यहां पहुंचेंगे और सैलानी इनके द्वारा लाए गए शानदार आयटमों को निहार व खरीद सकेंगे।
पहले एक माह लगता था
गांधी शिल्प बाजार के सजने का इंतजार सैलानियों को साल भर रहता था। यह व्यापार मेला के साथ पूरे एक माह 15-15 दिन के लिए लगाया जाता था। इसमें जमकर भीड़ तो जुटती ही है, साथ ही शिल्पी भी अच्छी कमाई कर लिया करते थे। यहां स्थानीय और प्रदेश के ही नहीं, बल्कि देश भर के शिल्पी पहुंचते थे, लेकिन पिछले कुछ सालों से इसे ज्यादा तबज्जो नहीं दी गई, लेकिन इस बार देर से ही सही एक बार फिर शिल्प बाजार गुलजार होता दिखाई देगा।
हालांकि अभी शिल्प बाजार सजा नहीं है, लेकिन शिल्पियों ने तैयारी शुरू कर दी है और महाराष्ट्र, गुजरात, आंध्रप्रदेश, तमिलनाडू, गोवा, उत्तरप्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर, छत्तीसगढ़, बिहार, मणिपुर, कोल्हापुर आदि से कई शिल्पी आ चुके हैं। इनके द्वारा बताया गया कि यह कुछ आयटम तो इस तरह के लाए हैं, जो कि लोगों ने पहले कभी नहीं देखे होंगे। वहीं खादी के कपड़ों की बनी साड़ी, सूट और जयपुर से आए लाख के कंगन सैलानियों को खूब लुभाएंगे। उधर भदोही के कालीन भी खूब आकर्षित करेंगे।