निकली तेज धूप, गर्म कपड़ों में हुई चुभन

Jan 31 2021

ग्वालियर। शहर का मौसम एक बार फिर पूरी तरह से उलट गया है। पश्चिमी विक्षोभ सर्दी के मौसम पर पूरी तरह हावी पड़ गया है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि रात का पारा बेदम रहा और सामान्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस कम रहा था और इसकी सीमा 4.6 डिग्री सेल्सियस पर जाकर समाप्त हो गई थी। देखा जाए तो पारा गिरने का असर देर रात भी ज्यादा नहीं सता सका था, वहीं सुबह भी यह तेज धूप के सामने असहाय सा होकर रह गया। हालात यह थे कि दस बजे ही तेज धूप के सामने ज्यादा देर रुकना कठिन हो रहा था, वहीं दोपहर को तो गर्म कपड़े चुभन सी महसूस कराने लगे। यानि भरी सर्दी में गर्मी का अहसास, लेकिन लोगों को ठिठुरन से राहत रही तो फिर जनजीवन पूरी तरह सामान्य हो गया। 
जहां अब तक गिरते पारे के बाद भी सर्दी कुछ ज्यादा असर नहीं दिखा सकी थी, वहीं अब पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया है, जिसके बाद मौसम विभाग ने साफ कर दिया है कि अब बादल छाएंगे और रात का पारा गति पकड़ेगा, जिसके चलते सर्दी का असर और कमजोर पड़ेगा। दिन में धूप चुभन महसूस कराने लगेगी, वहीं सुबह और रात को भी सर्दी ज्यादा असर नहीं डाल सकेगी। इधर सर्दी से राहत मिलते ही लोग सुबह से घरों से बाहर दिखे, जिससे जल्दी ही गहमागहमी दिखाई देने लगी।