प्रदर्शन कर विधायक सतीश सिकरवार के नेतृत्व में एसपी को दिया ज्ञापन, महिला सुरक्षा की मांग की

Jan 30 2021

ग्वालियर। शहर में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर आक्रोशित कांग्रेस ने शनिवार दोपहर एसपी ऑफिस पर हल्ला बोल प्रदर्शन किया है। कांग्रेस ने पुलिस अफसरों को तीन घंटे तक एसपी ऑफिस में घेरकर बाहर सड़क पर प्रदर्शन किया। यह पूरा प्रदर्शन ग्वालियर पूर्व से कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार के नेतृत्व में किया गया है। दोपहर 12 बजे प्रदर्शन शुरू हुआ जो दोपहर 3 बजे तक चला है। इस दौरान विधायक सतीश सिकरवार ने एसपी ग्वालियर को अपनी मांगों के संबंध में एक ज्ञापन भी दिया है।
कांग्रेस के अनुसार पिछले कुछ दिनों से शहर में गांजा, स्मैक, शराब की तस्करी बढ़ गई है। बाहर से आने वाले बदमाशों को यहां शरण दी जाती है। 20 दिन से बदमाश रह रहे थे, लेकिन स्थानीय पुलिस को पता भी नहीं चलता है। महिलाओं के साथ बदसलूकी की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था से जन-जन में आक्रोश है। इसी के चलते शनिवार दोपहर को कांग्रेस विधायक सतीश सिकरवार के नेतृत्व में कांग्रेस व स्थानीय लोगों ने एसपी ऑफिस का घेराव कर प्रदर्शन किया।
कांग्रेसियों ने एसपी ऑफिस के बाहर टेंट लगाकर सड़क पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। दोपहर 12 बजे से प्रदर्शन शुरू किया गया था जो दोपहर 3 बजे तक चला। आखिर में कांग्रेसियों ने एसपी ग्वालियर अमित सांघी को ज्ञापन देकर शहर की कानून व्यवस्था को सुधारने और महिलाओं की सुरक्षा में कदम उठाने की मांगों पर काम करने के लिए कहा। एसपी ग्वालियर ने मांगों पर काम करने का आश्वासन दिया है।
तीन घंटे पुलिस छावनी बना रहा एसपी ऑफिस
कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान कोई हरकत न हो जाए इसके लिए काफी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात था। तीन घंटे तक एसपी ऑफिस पुलिस छावनी बना रहा। किसी को भी अंदर आने की इजाजत नहीं थी।
इस मौके पर कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष बालेन्दु शुक्ला, शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र शर्मा, अशोक प्रेमी, सीमा समाधिया, रुचि राय ठाकुर, हरेन्द्र गुर्जर, लतीफ खां मल्लू, अख्तर हुसैन कुरैशी, रवि चौखटिया, धीरेन्द्र यादव, सुधीर मंडेलिया, सुनील श्रीवास, बीनू भारद्वाज, सुधा दुबे, मोहन माहेश्वरी, वीरेन्द्र यादव, राजेश शर्मा आदि मौजूद थे।