पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म इसलिए पारे में हो रही गिरावट दर्ज

Jan 28 2021

ग्वालियर। न्यूनतम तापमान में लगातार हो रही गिरावट व पहाड़ों से टकराकर उत्तर भारत से आ रही सर्द हवा के साथ नमी का साथ मिलते ही अंचल में कंपकंपाती ठंड ने लोगों का जीना मुहाल कर रखा है। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही आसमान साफ होने से दिन व रात में ठंड का दौर आने वाले दिनों में जारी रहेगा। दिन व रात का पारा स्थिर बने रहने से आज दिन में भी कोल्ड-डे जैसे आसार बने रहने का अनुमान मौसम विभाग ने जताया है।
गुरुवार सुबह शहरवासी जब घरों से बाहर निकले तो धीमी गति से चल रही सर्द हवा के साथ बीते दिनों पारा गिरने से बढ़ी ठिठुरन लोगों को ठंड का अहसास कराती दिख रही थी। हालांकि आज कोहरा नहीं होने से कुछ राहत शहरवासियों को जरुर मिलती दिखी। लेकिन दिन चढऩे के बाद भी सूरज की तपिश से तेजी गायब थी। वहीं दिन में भी चल रही सर्द हवा लोगों को ऊनी कपड़े पहनने के बाद भी ठंड का अहसास कराती दिख रही थी। 
शहर में एक बार फिर 27 दिनों के बाद बुधवार को कोल्ड -डे की स्थिति बनी है। शुक्रवार को भी कोल्ड-डे बना रहेगा। आगामी चौबीस घंटों के दौरान मौसम में कोई बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। वहीं दिन व रात में भी सर्दी का दौर जारी रहने व दिन व रात के पारे में गिरावट दर्ज होने से अंचलवासियों को फिलहाल ठंड से राहत नहीं मिलेगी।