उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में 72 वें गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन

Jan 28 2021

प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय, प्रयागराज में राष्ट्र का 72वां गणतंत्र दिवस भव्यता, उल्लास, जोश और उत्साह के साथ मनाया गया। उत्तर मध्य रेलवे में समारोह आयोजन के दौरान कोविड-19 महामारी के दृष्टिगत, सोशल डिस्टैंसिंग, मास्क, उचित स्वच्छता, आदि निर्धारित मानकों सहित कोविड-19 से संबंधित सभी दिशा निर्देशों का पालन किया गया है। कार्यक्रम का प्रारंभ अपर महाप्रबंधक रंजन यादव द्वारा झंडा फहराने के साथ हुई। इस अवसर पर, अपर महाप्रबंधक ने रेलवे सुरक्षा बल, भारत स्काउट और गाइड और सेंट जॉन एम्बुलेंस ब्रिगेड की परेड का निरीक्षण किया। अपर महाप्रबंधक ने उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए 19 रेलवे कर्मियों को सम्मानित भी किया। 72 वें गणतंत्र दिवस पर सम्मानित होने वाले रेलवे के अधिकारी एवं कर्मचारियों ने हवा में राष्ट्रीय सुरक्षा हेल्पलाइन 182 के बैनर के साथ तिरंगे गुब्बारे छोड़ कर यात्री सुरक्षा के प्रति रेलवे की प्रतिबद्धता दोहराई। 
अपर महाप्रबंधक ने हमारे महान राष्ट्र के 72वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर उत्तर मध्य रेलवे के सभी कर्मचारियों और उनके परिवारों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक रंजन यादव ने महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी का जो वर्तमान में उत्तर मध्य रेलवे के साथ-साथ महाप्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे के पद का प्रभार भी संभाल रहे हैं, के गणतंत्र दिवस का संदेश का वाचन किया। 
उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय में गणतंत्र दिवस समारोह का आयोजन प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी उत्तर मध्य रेलवे नंद किशोर, प्रमुख मुख्य सुरक्षा आयुक्त उत्तर मध्य रेलवे रविन्द्र वर्मा, मुख्य कार्मिक अधिकारी(आई आर) अवधेश कुमार, उप महानिरीक्षक रेल सुरक्षा बल आरएसपी सिंह के समग्र समन्वय के तहत विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीम द्वारा किया गया। उत्तर मध्य रेलवे के विभागों के सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष, उत्तर मध्य रेलवे के महिला कल्याण संगठन के सदस्य, उत्तर मध्य रेलवे के अन्य अधिकारी और कर्मचारी, यूनियन और संघ के पदाधिकारी और प्रेस व मीडिया के सदस्य इस समारोह में शामिल हुए।