पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, आंसू गैस के गोले फायर कर तीन को पकड़ा

Jan 28 2021

ग्वालियर। शहर के सराफा बाजार में गुरुवार सुबह यूपी के बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ हो गई। 20 दिन पहले झांसी में लूट कर भागे बदमाश एक मकान में छिपे थे। यूपी पुलिस की सूचना पर ग्वालियर पुलिस और क्राइम ब्रांच ने बदमाशों को घेरा। खुद एसपी ग्वालियर अमित सांघी पिस्टल लेकर सबसे आगे खड़े बदमाशों को ललकार रहे थे। सवा घंटे तक दोनों ओर से एक दूसरे पर पिस्टलें तनी रहीं। आखिर में पुलिस ने आंसू गैस के दो फायर किए। जिससे बदमाशों में खलबली मच गई। पहले दो बदमाशों ने हाथ ऊपर कर सरेंडर किया। एक बदमाश मरने-मारने पर अड़ा रहा। जब पुलिस ने ग्रेनेड फेंकने की धमकी दी तो तीसरे ने भी सरेंडर कर दिया। पकड़े गए बदमाशों में एक यूपी के आजमगढ़ का 25 हजार इनामी बदमाश है। जिस घर में सभी छिपे थे, वहां से 3 कट्टे, पिस्टल व आधा सैकड़ा कारतूस मिले हैं।
गुरुवार सुबह यू्पी के झांसी जिले की पुलिस एक बदमाश को लेकर ग्वालियर एसपी के पास पहुंची। यूपी पुलिस ने बताया कि झांसी में एक लूट के मामले में आरोपी को पकड़ा है। इसने अपने तीन साथी सद्दाम खान, गोलू शर्मा, कालू उर्फ लालजीत निवासी आजमगढ़ के ग्वालियर के सराफा बाजार की जमुना बाई मार्केट के पीछे विष्णु बाल्मीकि के मकान में छिपे होने की बात कही है। इसके बाद तत्काल एसपी अमित सांघी ने क्राइम ब्रांच, कोतवाली थाना पुलिस और यूपी पुलिस को साथ लेकर सराफा बाजार में घेराबंदी कर दी। पूरे अभियान को खुद ग्वालियर एसपी लीड कर रहे थे। करीब 9 बजे पुलिस ने पूरे मकान को घेर लिया। इसके बाद बदमाशों को ललकरा गया। बदमाशों ने पुलिस को जवाब में पिस्टल दिखाई। इसके बाद वहां माहौल गर्म हो गया और दोनों तरफ से हथियार अलर्ट मोड पर आ गए। तलाशी लेने पर इनके पास से कट्टे मिले हैं।
लालजीत काफी देर तक अड़ा रहा
दो बदमाश तो बाहर आ गए, लेकिन एक बदमाश कालू उर्फ लालजीत काफी देर तक अड़ा रहा। कालू सरेंडर करने को तैयार ही नहीं था। पुलिस पर उसे विश्वास नहीं हो रहा था। इस पर पुलिस ने कालू को पांच मिनट का समय दिया और उसके बाद ग्रेनेड फेंककर मकान को ही उड़ाने की धमकी दी। इस पर घबराकर कालू ने भी सरेंडर कर दिया।
जब पुलिस ने चारों तरफ से घेर लिया और हमें ललकारा तो हमने बाहर आकर देखा। हर तरफ पुलिस ही पुलिस नजर आ रही थी। पुलिस जवान हथियारों को अलर्ट मोड में रखे हुए थे। कुछ देर के लिए तो लगा जैसे पुलिस मूवी 'शूट आउट एट लोखंडवालाÓ की तरह घेरकर हमारा एनकाउंटर करने वाली है। इसलिए काफी देर तक पूरी हलचल को देखते रहे। भागने के लिए कई रास्ते भी तलाशे, लेकिन हर जगह पुलिस दिखाई दी। इसके बाद जब पुलिस ने मीडिया को सामने किया तो हमारी जान में जान आई। इसके बाद ही सरेंडर करना मुनासिब समझा। यह खुलासा गिरोह के मास्टर माइंड सद्दाम ने आईजी और एसपी ग्वालियर के सामने पूछताछ में किया है।
20 दिन से ठहरे थे शहर में
एसपी ग्वालियर अमित सांघी ने बताया कि बदमाशों के 20 दिन से यहां ठहरे होने की सूचना मिली थी। तीन बदमाश पकड़े गए हैं। अभी पूछताछ की जा रही है। बदमाश यहां भी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देना चाहते थे।
काफी मात्रा में कारतूस, कट्टे मिले
जिस मकान में बदमाश छिपे हुए थे, वह घनी आबादी के बीच है। पुलिस को यही डर था कि यदि बदमाशों ने काउंटर अटैक किया तो यहां काफी नुकसान हो जाएगा। यही कारण था कि पुलिस को ऑपरेशन को पूरा करने में सवा घंटे लग गए।
नहीं पकड़े जाते तो सराफा में करते वारदात
एसपी ग्वालियर अमित सांघी ने बताया कि बदमाश शहर के पॉश व्यवसायिक इलाका सराफा बाजार में रह रहे थे। पकड़े गए सभी हिस्ट्रीशीटर हैं। एक पर 25 हजार रुपए का इनाम होने का पता लगा है। यूपी पुलिस से उसे कन्फर्म कर रहे हैं। यदि पकड़े नहीं जाते तो सराफा में बड़ी वारदात कर सकते थे। अभी तक शहर में कोई वारदात नहीं कबूली है। जब ऑपरेशन कर रहे थे तो डर था भीड़ वाले क्षेत्र में हैं। यदि आमने-सामने से फायरिंग हुई तो कई की जान संकट में आ सकती थी।
मकान मालिक पर होगी एफआईआर
बदमाश लगभग 19 दिन से विष्णु बाल्मीकि के मकान में ठहरे हुए थे। यहां रहने वाले एक निवासी ने नाम न देने की शर्त पर बताया कि बदमाश हमने इस मकान में कई दिन से रहते देखे रहे थे। इनकी एटीविटी हमें भी अजीब लगी, लेकिन हमने कोई ध्यान नहीं दिया। रात को हमने दो बदमाशों को भोजन के पैकेट लाते देखा था। गुरुवार सुबह हमें मालूम हुआ कि यह सभी बदमाश हैं। पुलिस विष्णु बाल्मीकि की इन बदमाशें का पनाह देने के पीछे या वजह है इसकी जांच कर रही है। पुलिस मकान स्वामी पर एफआईआर भी करेगी।
उप्र के वांटेड है सभी बदमाश
सभी बदमाश झांसी के वांटेड बदमाश हैं। सीपरी बाजार थाने के एसएचओ राजेन्द्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए बदमाशों पर हत्या, लूट, बुलेट चोरी जैसे कई अपराध झांसी के विभिन्न थानों में रजिस्टर्ड हैं। संभवत: झांसी पुलिस बुलेट चोरी के मामले में सूचना मिलने पर यहां आई थी।
आपका कहना
उप्र पुलिस यहां कई अपराधों में लिप्त बदमाशों को पकडऩे आई थी। हमसे सहयोग मांगा था। सभी बदमाशों को पकड़ लिया गया है।
अविनाश शर्मा, आईजी, ग्वालियर
हमने बदमाशों को काफी समझाया। मकान को उड़ाने की धमकी दी थी। तब जाकर उन्होंने सरेंडर किया। उनसे भारी मात्रा में हथियार मिले हैं। बदमाशों से हम पूछताछ कर रहे हैं।
अमित सांघी, एसपी,ग्वालियर