बाइक फिसलने से सिर के बल गिरी महिला, अस्पताल में मौत

Jan 24 2021

ग्वालियर। जन्मदिन पर होटल में खाना खाकर लौट रहा परिवार हादसे का शिकार हो गया। स्पीड ब्रेकर पर बाइक आते ही फिसली और पीछे बैठी महिला उछलकर सिर के बल जमीन पर गिरी। गंभीर हालत में महिला और उसके पिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां महिला ने रविवार सुबह दम तोड़ दिया। घटना से पांच मिनट पहले ही महिला पति की गाड़ी छोड़कर पिता की बाइक पर सवार हुई थी।
हजीरा के पंचशील नगर निवासी देवेन्द्र विमल मूल रूप भिंड के रहने वाले हैं। वह सिक्योरिटी कंपनी में काम करते हैं। शनिवार को देवेन्द्र की पत्नी 26 वर्षीय पिंकी विमल अपने मायके हजीरा आई थी। यहां उसके भाई का जन्मदिन था। इसी सिलसिले में शनिवार को पूरा परिवार गाडिय़ों पर सवार होकर पुरानी छावनी के होटल में पार्टी मनाने गए थे। जब वह पार्टी मना कर लौट रहे थे, तो आधे रास्ते तक पिंकी अपने पति देवेन्द्र के साथ बाइक पर सवार थी, लेकिन मल्लगढ़ा चौराहा से पांच मिनट पहले ही वह पति की गाड़ी छोड़कर पिता जामेन्द्र सिंह की गाड़ी पर बैठ गई, क्योंकि उसे वहीं से वापस मायके जाना था।
वह मल्लगढ़ा चौराहा क्रॉस किए ही थे कि स्पीड ब्रेकर पर बाइक अनियंत्रित हो गई। इससे पिंकी उछलकर सड़क पर सिर के बल गिर गई। उधर, बाइक चला रहे जामेन्द्र भी गिर पड़े। घटनास्थल से 100 कदम की दूर हजीरा थाना है। पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। एम्बुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां रविवार सुबह 8 बजे पिंकी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
हादसे में जान गंवाने वाली पिंकी के दो बच्चे हैं। बेटी सृष्टि और बेटा प्रांशू। बेटी चार साल की है। हादसे में उसने मां को खो दिया है, वह यह भी नहीं जानती है। वह बार-बार पिता से पूछ रही थी कि मम्मी कब तक आएगी, लेकिन किसी में हिम्मत नहीं थी कि उसे बता सकें कि अब कभी उसकी मां उसे नहीं मिलेगी।