सूरज दे रहा आराम, ठिठुरन से फिलहाल राहत

Jan 23 2021

ग्वालियर। पांच दिन से सूरज लगातार अपनी चमक से लोगों को राहत दे रहा है। 25 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने के कारण 26 जनवरी से फिर तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है। जनवरी माह में इस वर्ष तापमान में उतार- चढ़ाव का सिलसिला बरकरार है।
मौसम विज्ञानियों के मुताबिक वर्तमान में गुजरात पर बने ऊपरी हवा के चक्रवात और शुक्रवार से उत्तर भारत में एक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शनिवार से दिन और रात के तापमान में एक बार फिर बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 26 जनवरी से फिर तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो सकता है। इस वजह से जनवरी के अंतिम सप्ताह में ठंड बढ़ सकती है। वर्तमान में गुजरात पर एक ऊपरी हवा का चक्रवात बना हुआ है। साथ ही हवा का रुख उत्तर-पूर्वी बना हुआ है। इससे दिन के तापमान में तो बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज हो रही है। तीव्र आवृत्ति वाले इस वेदर सिस्टम से पंजाब, हरियाणा क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा हवा के रुख में बदलाव आने से मध्य प्रदेश में भी वातावरण में नमी बढऩे लगेगी। इससे बादल छाने लगेंगे।