पौष माह में फाल्गुन का अहसास

Jan 23 2021

 
 
ग्वालियर। हर रोज कम हो रही सर्दी के चलते अब पौष माह में ही फाल्गुन का अहसास होने लगा है। बीते तीन दिन से तो मौसम पूरी तरह से पलटा खा गया है, जिसके चलते शीतलहर गायब है, कोहरे का पता नहीं और मावठ अब दूर की कौड़ी ही दिखाई देती है। देर रात और अलसुबह जरूर हल्की ठंड लगती है, लेकिन नौ बजे के बाद ही धूप की तेजी दोपहर में तो सर्दी का असर खत्म कर देती है। धूप की चुभन ऐसी कि इसके सामने ज्यादा देर खड़े नहीं रहा जा सकता और गर्म कपड़े चुभन महसूस कराने लगते हैं। 
मौसम के बदलते ही अब शहर का जनजीवन पूरी तरह सामान्य हो चला है, भले ही रात का पारा कुछ गिरा, लेकिन इसका कोई प्रभाव दिखाई नहीं दिया। सुबह से धूप खिली तो लोगों का रहा सहा डर भी समाप्त हो गया, ऐसे में लोगों ने धूप सेंकने का भी मन बनाया, लेकिन इसकी तेजी के आगे ज्यादा नहीं ठहर सके, वहीं ज्यादा गर्म कपड़े पहनने में भी बेचैनी होने लगी। तब लोगों ने फुल जॉकेट घर पर रख हल्के गर्म कपड़े ही पहनें। बाजारों में भी जल्दी ही गुनगुनी धूप के बीच गुजरती महिलाएं। गहमागहमी दिखाई देने लगी।
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय का कहना है कि भले ही रात में पारा कुछ कमजोर रहा हो, लेकिन पश्चिम विक्षोभ के कारण अब रात के पारे में जबरदस्त बढ़ोतरी होगी और यह दस डिग्री सेल्सियस के पार जा सकता है। शीतलहर पर टोटल रोक रहने से सर्दी का अहसास और कमजोर होगा। इसके बाद केवल बरसात ही कुछ परिवर्तन कर सकती है, लेकिन इसकी संभावना बेहद कम है। बादल जरूर छा सकते हैं, लेकिन इससे पारा बढ़ेगा। उधर नमी भी लगातार बढ़ रही है