जेब कटने से गुस्से में आया भाजपा नेता चोर को बाल से पकड़कर सड़क पर घसीटा, चप्पल मारी, पीटा

Jan 23 2021

 
 
ग्वालियर। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष के प्रथम नगर आगमन पर स्वागत करने पहुंचे भाजपा नेता की जेब पर एक युवक ने हाथ साफ कर दिया। भाजपा नेता की उस पर नजर पड़ गई। फिर क्या था संदेही को बाल से पकड़कर घसीटकर कार्यक्रम स्थल से सड़क पर लाए और जमकर पीटा। घटना शुक्रवार मंशापूर्ण हनुमान मंदिर परिसर के बाहर की है। मारपीट करने के बाद आरोपी को पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
प्रदेश के नव नियुक्त प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश चौधरी शुक्रवार को नियुक्ति के बाद पहली बार ग्वालियर आए थे। सबसे पहले वह पड़ाव रेलवे ओवर ब्रिज के नीचे मंशापूर्ण हनुमान मंदिर दर्शन करने पहुंचे थे। यहां उनका जोरदार स्वागत किया गया है। इसमें भाजपा के अल्प संख्यक मोर्चा के जिला महामंत्री अफजल बेग भी पहुंचे थे। कार्यक्रम में किसी ने उनकी जेब पर हाथ मार दिया। चोर पर्स लेकर भाग पाता उससे पहले ही उन्हें पता चल गया और उन्होंने भाग रहे एक संदेही को पकड़ लिया। उसके पास पर्स मिलते ही वहां मौजूद लोगों और भाजपा नेता ने संदेही को बालों से पकड़कर बाहर घसीटा और सड़क पर पटक कर जमकर पीटा है। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। संदेही की पहचान कल्लू निवासी ग्वालियर के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया पर पिटाई का वीडियो वायरल
घटना के कुछ देर बाद ही ग्वालियर में भाजपा नेता द्वारा संदेही को पीटने का वीडियो वायरल हो गया है। जब भाजपा नेता संदेही चोरी को पीट रहे थे तो कई लोगों ने वहां वीडियो बनाया था। भाजपा नेता का कहना है कि वहीं से किसी ने वीडियो बनाकर वायरल किया है