भरी सर्दी में राहत भरी सुबह

Jan 21 2021

ग्वालियर। शहर के मौसम का मिजाज अब सभी की समझ से बाहर हो रहा है, जहां इस वक्त सारा देश चिल्ला जाड़े का सामना कर रहा है, पहाड़ी इलाकों में जबरदस्त बर्फबारी जारी है। हाथ को हाथ नहीं सूझ रहा, लोग घरों में कैद हैं। इन हालात में भी आज फिर भरी सर्दी के मौसम में पारे के साथ धूप के तल्ख तेवर देखकर यह अहसास ही नहीं हो रहा कि माह जनवरी का है। मौसम के जानकार अब तक यह मानते आए थे कि दिल्ली के मौसम का प्रभाव शहर पर पड़ता है, लेकिन मौसम का रुआब ऐसा है कि वह सब बातों, कयासों को सिरे से खारिज कर रहा है। वहीं फिर पश्चिमी विक्षोभ ने शहर को घेरने की तैयारी कर ली है, यानि आने वाले दिनों में भी ठंड बेअसर ही रहने वाली है।
इस पूरे सर्दी के सीजन में इस बार केवल एक दिन ही घना कोहरा पड़ा है, वहीं बमुश्किल सात दिन टुकड़े-टुकड़े में शीत लहर ने असर दिखाया। ऐसे में लोगों को परेशानी तो हुई कई दिन तो बेहद ठिठुरन भी रही, लेकिन इसकी निरंतरता न रहने से ज्यादा परेशानी नहीं हुई और लोग बीते साल की सर्दी के कहर के किस्से बयां करते नजर आए। तब सर्दी ने लाखों के रिकार्ड तोड़कर लोगों की हालत बिगाड़कर रख दी थी। कई दिनों तक जनजीवन ठप होकर रह गया था।
सुबह से खिली धूप
बुरूवार सुबह जब लोग जागे तो मौसम बजाए ठंडा होने के खुशगवार था। शीतलहर पर रोक थी वहीं कोहरे और धुंध का नामोनिशान नहीं था, सूरज की किरणें पूरी तरह से जमीन पर पैर पसार चुकी थीं, जिससे लोगों को भरपूर राहत मिली और दिनचर्या पूरी तरह सामान्य दिखी। सर्दी से बचाव ने भले ही एक ओर लोगों को खुश कर दिया, लेकिन गर्म कपड़े और हीटर आदि बेचने वालों का धंधा इस बार फिर पिट गया, पिछले साल इनका तमाम रद्दी माल भी जमकर बिका था।