बाड़े से छत्री बाजार शिफ्ट होंगे दिहाड़ी मजदूर कुछ माने तो अधिकांश विरोध में उतरे

Jan 21 2021

ग्वालियर। बाड़े को हैरिटेज जोन बनाने की कवायद जरूर जारी है, लेकिन इसकी गति बेहद कमजोर है साथ ही कई बार थम भी जाती है, लेकिन इससे पहले नगर निगम ने यहां दशकों से काम की आस लेकर पहुंचने वाले उन दिहाड़ी मजदूरों को हटाने की कार्रवाई शुरु कर दी है। निगम की इस कार्रवाई को लेकर चंद मजदूर तो मान गए, लेकिन अधिकांश इसके विरोध में आ खड़े हुए हैं। इनके द्वारा बाड़े पर नारेबाजी की गई, लेकिन निगम ने इन्हें हटाने का पक्का मूड बनाते हुए बाड़े पर बाकायदा एक पोस्टर भी लगा दिया है कि दिहाड़ी मजदूरों की जरूरत है तो फिर छत्री बाजार पहुंचें। इसके बाद भी कई मजदूर अब भी यहीं डटे हुए हैं, लेकिन निगम का मानना है मजदूर इसके लिए तैयार हो जाएंगे।
यह है मामला 
 किसी भी व्यक्ति को मकान बनवाने या फिर किसी अन्य तरह के काम कराने के लिए जब आवश्यकता होती है तो यहां पहुंचकर यह खोज आसानी से समाप्त हो जाती है। बताया तो यह जाता है कि यह दिहाड़ी मजदूर राजशाही के समय से ही यहां आकर रोजगार की तलाश में बैठ रहे हैं हैं, इनमें से अधिकांश को यहां से काम भी मिलता है। इसी तरह इनका जीवन यापन होता है, लेकिन अब इनके सामने समस्या यह आ गई है कि निगम द्वारा हैरिटेज जोन का हवाला देकर यहां से हटाया जा रहा है, जिसके चलते इन्हें अपनी रोजी पर खतरा दिखाई दे रहा है। इन्हें कम समझाइश देने के बाद आज जबरन यहां से हटाने की कार्रवाई शुरु हो गई। मजदूर यहां से हटने को तैयार नहीं हैं।
पहुंचाया जा रहा है छत्री मंडी
इन्हें यहां से हटाकर पहले कंपू भेजने का ऑप्शन रखा गया था, लेकिन इनमें कुछ ने कहा कि वह नहीं जाएंगे। कुछ राजी हुए तो उन्होंने दूर जाने से इनकार कर पास ही स्थान देने की शर्त रख दी, जिस पर तय यह हुआ कि इन्हें छत्री बाजार में शिफ्ट कर बैठने का स्थान दिया जाएगा। इसके लिए निगम के अपर आयुक्त मुकुल गुप्ता ने छत्री बाजार में इनके लिए स्थान भी तय कर दिया। 
नारेबाजी की और वहीं बैठ गए
बाड़े से हटाए जाने की कार्रवाई के विरोध में इन मजदूरों ने आज बाड़े पर नारेबाजी करते हुए हंगामा भी किया। वहीं बाड़ा पार्क के चक्कर लगाकर वापस वहीं बैठ गए। आज निगम अधिकारी इनसे फिर चर्चा करेंगे