250 से अधिक प्रोफेसर और वैज्ञानिक हैं हड़ताल पर

Jan 20 2021

ग्वालियर। प्रोफेसर और वैज्ञानिकों के हड़ताल पर जाने से एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय के काम-काज बुरी तरह से प्रभावित हो गए हैं। प्रोफेसर और वैज्ञानिकों के हड़ताल पर जाने से एग्रीकल्चर छात्रों की क्लासेस तो प्रभावित हैं ही साथ ही अब परीक्षाओं पर भी संकट खड़ा हो गया है। एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी और इससे जुड़े केंद्रों के वैज्ञानिक और प्रोफेसरों के हड़ताल पर जाने से छात्रों की परीक्षाएं संकट में पड़ गई हैं। हड़ताल पर गए प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों को गत दिवस कुलपति जेपी दीक्षित ने मिलने के लिए बुलाया था।
इस पर प्रोफेसरों और वैज्ञानिकों ने यह कहकर मिलने से इंकार कर दिया कि वे खुद उनसे मिलने आएं। प्रोफेसरों का कहना था कि कुलपति धरना स्थल पर ही मिलने के लिए आएं तभी उनसे बात की जाएगी। प्रोफेसर और वैज्ञानिक यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट पर धरने पर बैठे हुए हैं।
रिसर्च भी हो रही है प्रभावित
वैज्ञानिकों और प्रोफेसरों के हड़ताल पर रहने के कारण रिसर्च भी प्रभावित हो रही है। फसलों में होने वाली बीमारियों पर भी वैज्ञानिक रिसर्च नहीं कर रहे हैं। इसके अलावा काउंसिलिंग की मीटिंग में भी वैज्ञानिकों और प्रोफेसरों ने भाग नहीं लिया। प्रोफेसरों के हड़ताल पर रहने के कारण छात्रों की क्लासें भी काफी प्रभावित हैं। प्रोफेसर और वैज्ञानिक सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक कॉलेज के मुख्य द्वार पर हड़ताल पर बैठे रहते हैं।
परीक्षा की मीटिंग में भी नहीं गए प्रोफेसर
छात्रों की परीक्षाओं को लेकर होने वाली मीटिंग में भी प्रोफेसर शामिल नहीं हुए। एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के कुलसचिव ने केंद्रीय प्राध्यापक और वैज्ञानिक परिषद को पत्र लिखकर मिलने के लिए बुलाया था। साथ ही गत दिवस परीक्षाओं के संबंध में बैठक भी थी। इस बैठक में भी प्रोफेसरों ने भाग नहीं लिया।