ठंडी हवा से धूप के तेवर हुए ढीले , कड़ाके की ठंड में अलाव ही बना सहारा

Jan 18 2021

ग्वालियर। नगर निगम ने 24 जगह अलाव की व्यवस्था की हैमौसम हर दिन के साथ अपने मिजाज बदल रहा है। सुबह और शाम को ठंडी हवा ने लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास कराया है। रात की अपेक्षा दिन में ज्यादा ठंड पड़ रही है। रात को न्यूनतम तापमान बीते तीन दिन में 5 डिग्री तक उछला है। जिस कारण रात को उतनी ठंड नहीं है, लेकिन कोहरा और धूप न निकलने से दिन में अधिकतम तापमान लगातार गिर रहा है। यही कारण है, दिन में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।
मौसम वैज्ञानिक सीके उपाध्याय की मानें, तो शहर समेत अंचल के अन्य शहरों में भी सर्दी का सितम जारी है। ग्वालियर के साथ दतिया, भिंड, शिवपुरी शहर भी बराबर ठंडे बने हुए हैं। अभी मौसम में कोहरा अपनी भूमिका निभा रहा है। रात से सुबह तक कोहरा रहा है और धूप भी देर से निकल रही है। यही कारण है, धूप उतनी तेज नहीं है। इस वजह से ही दिन में मौसम अभी ज्यादा ठंडा बना हुआ है, पर रात को पारे की चाल उल्टी हो गई है।
बीते तीन दिन में रात का तापमान बढ़ता ही जा रही है। 16 जनवरी को जो न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री था वह बढ़कर 18 जनवरी मतलब सोमवार को 10 डिग्री तक दर्ज किया गया है, जबकि दिन का तापमान नीचे जा रहा है। शनिवार को 25.3 डिग्री था, जो रविवार को दिन में 21.5 डिग्री पर आ गया। करीब 3.8 डिग्री की गिरावट 24 घंटे में दर्ज की गई है। सोमवार को दिन का तापमान 20 डिग्री से नीचे जाने की संभावना है।
मौसम के बदले मिजाज के चलते पारा बढऩे से रात को ठंड अन्य दिनों की तुलना में कम है, लेकिन दिन की बात करें तो कड़ाके की ठंड का दौर जारी है। दिन में लोग ठिठुरते नजर आ रहे हैं। धूप भी उतनी तेज नहीं है कि राहत मिल सके।