डिजिटल म्यूजियम देख सिंधिया बोले- संगीत हमेशा चलता रहे, पर्यटकों को लगे तानसेन की नगरी है

Jan 17 2021

ग्वालियर। रविवार सुबह राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्मार्ट सिटी द्वारा चलाए जा रहे सभी प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। सबसे पहले वह डिजिटल म्यूजियम पहुंचे। यहां म्यूजियम में स्मार्ट सिटी की सीईओ जयति सिंह ने उन्हें पूरे डिजिटल प्लेटफार्म से अवगत कराया। सिंधिया का कहना था, म्यूजियम में हर समय एक संगीत बजना चाहिए, जिससे बाहर से आने वाले पर्यटक को लगे कि यह तानसेन की नगरी है। म्यूजिक की थीम भी हर दिन के साथ बदलती रहे। म्यूजियम में तानसेन और बैजू बाबरा से जुड़े डिजिटल साहित्य को भी देखा।
वैभव संस्कृति और आधुनिकता का संगम है यह प्रोजेक्ट
डिजिटल म्यूजियम को देखने के बाद टाउनहॉल, ऑडिटोरियम, विक्टोरिया मार्केट सहित अन्य प्रोजेक्ट देखे हैं। यहां राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया का कहना था कि स्मार्ट सिटी के प्रोजेक्ट हमारी संस्कृति और आधुनिकता का मिश्रण हैं। यह प्रोजेक्ट जल्दी पूरे हो जाएं, तो यह हमारी संस्कृति और आधुनिकता का प्रदर्शन करेंगे। बाहर से आने वाले पर्यटकों को लिए यह अच्छा स्पॉट होगा। स्मार्ट सिटी इन प्रोजेक्ट के जरिए इमारतों के वैभव को निखारने का प्रयास कर रही है। इनको जल्द पूरा करने का प्रयास है।
बाड़े पर घूमे पैदल लोगों ने ली सेल्फी
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद सिंधिया ने बाड़ा पर कुछ स्थान पैदल घूमकर देखे हैं। उनको सड़कों पर घूमते देख वहां लोगों की भीड़ लग गई। कुछ ने समस्याएं बताईं, तो युवाओं ने उनके आसपास चलते हुए कैमरे से सेल्फी भी ली। सिंधिया सड़कों पर घूम रहे थे, तो वहां भीड़ के कारण जाम भी लग गया।
दिहाड़ी मजदूरों से की चर्चा
निरीक्षण के दौरान श्री सिंधिया टाउन हॉल से बाहर निकले तो सड़क पर पुलिस मजदूरों को सुरक्षा की दृष्टि से हटा रही थी। सिंधिया बाहर निकले और मजदूरों के पास पहुंच गए। यहां उन्होंने दिहाड़ी मजदूरों से बात की और उनकी समस्याओं के बारे में सुना।