श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए बनीं 500 टोलियां, शुरू किया धन संग्रह

Jan 15 2021

ग्वालियर। अयोध्या में बन रहे श्री राम मंदिर के निर्माण के लिए रामभक्तों ने धन संग्रह करना शुरू कर दिया है। इसको लेकर श्री राम मंदिर तीर्थ क्षेत्र न्यास ने श्री राम मंदिर निर्माण निधि अभियान देश भर में चलाया है। श्री राम मंदिर निर्माण में धन संग्रह के लिए ग्वालियर में 500 टोलियां बनाई गई हैं।
शुक्रवार को श्री राम भक्त श्री मंशापूर्ण हनुमान मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर, गरगज के हनुमान मंदिर, द्वारिकाधीश मंदिर, मदन मोहन मंदिर आदि पर पहुंचे और धन संग्रह किया। इसके अलावा टोलियों ने सामाजिक संस्थाओं से संपर्क कर धन एकत्र किया। श्री राम मंदिर के लिए एकत्रित होने वाले धन को शनिवार को बैंकों में जमा किया जाएगा। इसके लिए बैंकों द्वारा एक कोड जारी किया जाएगा। निधि संग्रह अभियान 14 फरवरी तक चलाया जाएगा।
निधि संग्रह के लिए घर- घर पहुंची टोलियां
निधि संग्रह महाभियान के तहत शहर में अलग-अलग 20 टोलियां भी शहर में निकलेंगी। वह सर्व समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, संत समाज, प्रबुद्धजनों, समाजसेवी व अन्य लोगों से निधि संग्रह में सहयोग करने का आग्रह करेंगे। साथ ही इस महाभियान को सफल बनाने के लिए प्रोत्साहित भी करेंगे।
ट्रस्ट ने पारदर्शिता के लिए 10, 100 और 1000 रुपए के कूपन भी छपवाए हैं। 2000 रुपए से ज्यादा दान देने वाले भक्त को रसीद दी जाएगी।
पहले किया हनुमान चालीसा
अभियान के शुभारंभ से पहले टोलियों ने मंदिर में पहुंचकर हनुमान चालीसा का पाठ किया और अभियान की सफलता की कामना की। मंशापूर्ण हनुमान मंदिर पर अभियान प्रमुख और विहिप के विभग सहमंत्री पप्पू राठौर, संघ के विभाग सह संघचालक अशोक पाठक, विभाग कार्यवाह डॉ. देवेंद्र गुर्जर, मुकेश अग्रवाल, मुनेंद्र कुशवाह आदि उपस्थित थे। अभियान की शुरुआत से पहले गत दिवस शहर की 122 बस्तियों में हनुमान चालीसा का पाठ किया गया था।