सफाई व्यवस्था में परेशानी हो तो हेल्पलाइन नंबर पर करें शिकायत-निगमायुक्त

Jan 14 2021

ग्वालियर। नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा ने गुरूवार को सिटी सेंटर स्थित अनुपम नगर, गोविंदपुरी आदि क्षेत्रों में भ्रमण कर डोर टू डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा आमजनों से चर्चा की। निगमायुक्त ने वार्ड 30 स्थित अनुपम नगर व गोविंदपुरी क्षेत्र में प्रात: भ्रमण कर डोर टू डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को देखा तथा कॉलोनी के रहवासियों से चर्चा कर गाड़ी के बारे में पूछा जिसमें नागरिकों ने बताया कि कचरा संग्रहण वाहन प्रतिदिन आता है तथा साफ सफाई व्यवस्था उनके यहां ठीक है। इसके साथ ही यदि सफाई व्यवस्था में कोई परेशानी हो तो सफाई व्यवस्था के लिए जारी हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें। इसके साथ ही दुकानदारों से अनिवार्य रूप से दुकान के बाहर डस्टबिन रखने के निर्देश दिए यदि दुकानदार डस्टबिन नहीं रखेंगे तो उनके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। 
निगमायुक्त ने डोर टू डोर कचरा संग्रहण करने वाले वाहन चालकों एवं स्वच्छता कार्य में लगे सफाई कर्मियों से भी चर्चा कर उन्हें भी प्रोत्साहित किया। निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त नरोाम भार्गव, उपायुक्त सत्यपाल सिंह चौहान, वार्ड मॉनिटर हसीन अतर एवं सहायक स्वास्थ्य अधिकारी किशोर चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।