मंत्री ने मजदूर के साथ ठेले में लगवाया धक्का और दिलवाई पेंशन

Jan 02 2021

ग्वालियर। अपनी अलग शैली के लिए पहचाने जाने वाले प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री शनिवार को एक हाथठेला मजदूर के साथ ठेले में धक्के लगाते नजऱ आये। मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ग्वालियर में अपनी कार और काफिले के साथ सड़क पर निकले और स्टेट बैंक चौराहे पर पहुंचे तो एक बुजुर्ग सामान से भरा हाथ ठेला खींचते दिखा। ग्वालियर में इन दिनों भीषण ठंड है। पारा चार के आसपास रहने से हाथ ठिठुर रहे है। जिससे बुजुर्ग अपने ठेले को ठीक से नही चढ़ा पा रहा था जैसे ही मंत्री की निगाह पड़ी उन्होंने तत्काल दौड़ लगाई। जब तक कारकेड के लोग समझ पाते उन्होंने गेट खोला और दौड़कर ठेले को धक्का लगाकर उसे ऊपर चढ़वाने लगे। इस बीच उन्होंने मजदूर से बात भी की। उसका नाम रघुवर पाल है। वह अकेला रहता है और ठेला खींचकर अपना पेट भरता है। मंत्री ने तत्काल अधिकारियों से बात की। उसकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन शुरू करने का आदेश दिया और तत्काल अपनी कार से उसे सरकारी दफ्तर भी भेजा।
गौरतलब है विगत दिनों भोपाल में एक झुग्गी में रहने वाली एक महिला उनके बंगले पर पहुंची थी। उसने बताया कि वह एक बत्ती जलाती है और उसका बिल 13 हजार आ गया है। मंत्री जी उसे अपनी कार में बैठकर उसकी झुग्गी पर पहुंचे। उसकी बात सच निकली तो वही अफसरों को तालाब किया और बिल 212 रुपये का करवाया था।
ठेला चलाते-चलाते शुरू करा दी पेंशन
इतना ही नहीं ऊर्जा मंत्री ने ठेला चलाते-चलाते वृद्ध रघुवर पाल से उसका नाम पता पूछकर अपने अधिकारियों से तत्काल रामपाल के लिए वृद्ध पेंशन भी शुरू करा दी। सोमवार को रघुवर को सारे दस्तावेज लेकर पहुंचना है और बची हुई औपचारिकता पूरी करनी है।