अखिल भारतीय किसान संगठन का अनिश्चितकालीन धरना फूलबाग चौराहे पर आरंभ

Jan 02 2021

ग्वालियर। किसान आंदोलन के समर्थन में अब जिले के किसान फूलबाग चौराहे पर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए हैं। अखिल भारतीय किसान संगठन के बैनर तले आयोजित धरने में माकपा समेत कई राजनीतिक दल व सामाजिक संगठन से जुड़े लोग हिस्सा ले रहे हैं। धरने पर बैठे किसान एक सुर में कह रहे हैं जब तक कृषि कानून वापस नहीं लिए जाते या दिल्ली में आयोजित किसान आंदोलन को संचालित करने वाले पदाधिकारी कोई निर्णय नहीं लेते धरना खत्म नहीं किया जाएगा। इस अवसर पर राजनीतिक दलों के नेताओं व कार्यकर्ताओं के अलावा बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। वहीं किसानों के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस सतर्क है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। गौरतलब है कि दिल्ली बॉर्डर पर हो रहे किसान आंदोलन को आज 38वां दिन है। हालांकि किसानों की दो मांगों पर सहमति बन जाने की खबरें आ रहीं हैं। जिसकी पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन माना जा रहा है सरकार और किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच आगामी बैठक में कोई सकारात्मक नतीजा सामने आ सकता है।