नहीं मिल रही सवारी, बस ऑपरेटर बैठे धरने पर

Dec 30 2020

ग्वाालियर। झांसी रोड निजी बस स्टैण्ड से अंचल के दर्जन भर कस्बों के लिए जाने वाली निजी बसों को सवारियां नहीं मिलने से परेशान आधा दर्जन बस ऑपरेटरों ने अपनी-अपनी बसें बस स्टैण्ड पर खड़ी कर दीं और अपने स्टाफ के साथ धरने पर बैठ गए। धरने पर बैठे बस अॅापरेटरों का कहना है कि जब तक राज्य परिवहन विभाग से अनुबंधित बसों को बदले हुए मार्ग से संचालित नहीं किया जाएगा तब तक प्राइवेट बस ऑपरेटर बसों का संचालन नहीं करेंगे।
शीतला बस सर्विस के मालिक रामनिवास गुर्जर ने बताया कि झांसी रोड पर बनाए गए नए निजी बस स्टैण्ड से जिले के कई कस्बों के लिए निजी बस ऑपरेटरों द्वारा बसों का संचालन किया जा रहा है। लेकिन यहां से ऑपरेट होने वाली बसों को सवारियां नहीं मिल पा रही है इसका मुख्य कारण सरकारी बस स्टैण्ड से छूटने वाली बसें जिनके लिए परिवहन विभाग ने सचिन मार्ग से परिचालित किए जाने का रूट निर्धारित किया गया है। लेकिन ये सभी बसें चेतकपुरी, नाकाचन्द्रवदनी ही नहीं झांसी रोड निजी बस स्टैण्ड के बाहर से भी सवारियां लेने के कारण निजी बस ऑपरेटरों को सवारियां नहीं मिलने के कारण उनका डीजल व स्टाफ ही नहीं बल्कि परमिट शुल्क का खर्चा निकालना भी मुश्किल हो गया है। 
इसी बात को लेकर धरने पर बैठे बस ऑपरेटरों को कहना है कि जब तक इन अनुबंधित बसों के रूट को परवर्तित मार्ग से नहीं परिचालित किया जाएगा तब तक निजी बस ऑपरेटर बसों का संचालन नहीं करेंगे। धरने की खबर मिलते ही क्षेत्रीय परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी व यातायात पुलिस के अधिकारी भी झांसी रोड स्थित बस स्टैंड पहुंच गये और  बस ऑपरेटरों व स्टाफ को समझाने का प्रयास किया। निजी बस स्टैंड से रोजाना लगभग 80 बसें संचालित होती हैं।