शीत लहर से बढ़ी कंपकंपी, बढ़ेगी ठंड

Dec 28 2020

ग्वालियर। सोमवार तड़के चार बजे से शहर में आंधीनुमा हवाएं चलीं। एक बार फिर हवाओं का रुख बदल रहा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली हवाओं ने ग्वालियर में फिर ठंड का ग्राफ बढ़ा बढ़ा दिया है। न्यूनतम तापमान चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है। रविवार को न्यूनतम पारा दो डिग्री सेल्सियस तक गिरकर 10 डिग्री पर पहुंच गया। आज सुबह से सूरज अपने समय पर निकला लेकिन ठंडी हवाओं ने लोगों को पैर से लेकर सिर तक कंपा कर रख दिया। सूरज की किरणें भी लोगों को राहत नहीं दे सकी।
बता दें कि शहर में अब तक कड़ाके की ठंडक नहीं पड़ी है। पिछले कई दिनों से अधिक तापमान 25 और न्यूनतम 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के बावजूद हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी होने के कारण ठंडक नहीं पड़ सकी है। हालांकि, अब हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी होने लगी है। अब आने वाले दिनों में कड़ाके की ठंडक पडऩे की संभावना है। न्यूनतम तापमान लुढ़ककर चार डिग्री तक पहुंच जाएगा। वहीं, अधिकतम पारा भी 21-22 डिग्री सेल्सियस पहुंच सकता है।