किसानों को अपनी आय दो गुना करने हेतु उद्यानिकी फसलें लेनी होगी - श्री कुशवाहा सेवढ़ा आदर्श उद्यानिकी विकासखण्ड के रूप में शामिल

Dec 26 2020

उद्यानिकी, खाद्य प्रसंस्करण राज्यमंत्री श्री भारत सिंह कुशवाहा ने कहा कि किसानों को परंपरागत खेती के साथ आघुनिक खेती के रूप में उद्यानिकी फसलें लेने पर ही किसान की आय दोगुनी हो सकेगी। उद्यानिकी की विभिन्न फसलों पर राज्य सरकार द्वारा अनुदान की सुविधा भी प्रदाय की जायेगी। उद्यानिकी राज्यमंत्री श्री भारत सिंह कुशवाहा दतिया जिले के सेवढ़ा जनपद पंचायत के डिरौलीपार में शनिवार को आयोजित एक दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय सांसद श्रीमती संध्या राय ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन से हुआ। 

            उद्यानिकी राज्यमंत्री श्री कुशवाहा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को अपनी आय में दोगुना वृद्धि करने हेतु परंपरागत फसलों के साथ उद्यानिकी फसलें भी लेनी होगी। इसके लिए उद्यानिकी की विभिन्न योजनाओं के तहत् शासन सहायता भी देगी। उन्होंने कहा कि अब किसान को किसान ही नहीं एक व्यापारी के रूप में भी कार्य करना होगा। इसके लिए उन्हें उन्नत तकनीकी के साथ-साथ खाद्य प्रसंस्करण की योजनाओं का भी लाभ लेना होगा।

सेवढ़ा विकासखंड में उद्यानिकी के क्षेत्र में 10 से 15 करोड़ की राशि व्यय होगी

द्यानिकी राज्यमंत्री ने किसानों से कहा कि उद्यानिकी की फसलें लेने की इस क्षेत्र में अपार संभावनाएं है। अतः किसान भाई अन्य संभावनाओं का लाभ भी लेते हुए कृषि के क्षेत्र में परंपरागत फसलों के साथ उद्यानिकी के क्षेत्र में भी नए नवाचार करें। जिससे किसानों की आय मे दागुनी वृद्धि होगी।            श्री कुशवाहा ने कहा कि प्रदेश के ऐसे क्षेत्र जहां उद्यानिकी फसलें लेने की अपार संभावनाएं है। प्रदेश के ऐसे 10 संभागों के 20 विकासखंड़ों को आदर्श उद्यानिकी विकासखंड के रूप में चयन किया गया है। इसमें दतिया जिले का सेवढ़ा भी शामिल है। इसके चयन में क्षेत्रीय सांसद का भी विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि आदर्श उद्यानिकी विकासखंड योजना के तहत् अब एक विकासखंड में उद्यानिकी की अनेको गतिविधियां संचालित करने, किसानों को उन्नत तकनीकी का प्रशिक्षण देने में एक वर्ष में 10 से 15 करोड़ की राशि व्यय की जायेगी। आदर्श विकासखंड के तहत् सेवढ़ा में विभाग का कार्यालय भी स्थापित किया जायेगा।

            राज्यमंत्री श्री कुशवाहा ने कहा कि उद्यानिकी फसलें लेने एवं खाद्य प्रसंस्करण की यूनिट स्थापित करने हेतु शासन द्वारा किसानों एवं उनके शिक्षित बेरोजगार परिजनों को अनुदान की सहायता भी दी जा रही है जिसका लाभ लें। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चैहान की मंशा है कि जिला एवं विकासखंड तथा ग्रामीण स्तर पर कोल्ड स्टोरेज स्थापित हों इसके लिए किसान आगे आए। इसके लिए विकासखंड स्तर पर एक हजार मैट्रिक टन क्षमता के और 500 मैट्रिक टन क्षमता के कोल्ड स्टोरेज हेतु शासन 50 प्रतिशत अनुदान दे रहा है। इसके लिए एक जनवरी 2021 से आवेदन पत्र भी लिए जाएंगे। कोल्ड स्टोरेज स्थापित होने से किसानों की उपज बर्बाद नहीं होगी।

            उद्यानिकी राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म लघु उद्योग विभाग के माध्यम से जिला विकासखण्ड़ एवं ग्राम स्तर पर फूड प्रोसेसिंग की यूनिट शुरू करने हेतु किसानों के शिक्षित बेरोजगार परिजनों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है। जिससे वह फूड प्रोसेसिंग यूनिट लगा सके। जिस पर 35 प्रतिशत अनुदान शासन देगा। उन्होंने कहा कि उद्यानिकी फसलों को जानवारों के नुकसान से बचाने हेतु तार फेसिंग करने पर भी शासन विचार कर रहा है।

            कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भिण्ड़-दतिया लोकसभ क्षेत्र की सांसद श्रीमती संध्या राय ने कहा कि जिले के सेवढ़ा उद्यानिकी आदर्श विकासखंड योजना के तहत् चयन किया गया है। जिसका सीधा लाभ क्षेत्र के किसानों को मिलेगा। किसान परंपरागत फसलों के साथ फल, फूल, औषधी आदि की खेती भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि 15 से 20 कृषकों का ग्रुप उद्यानिकी की अलग-अलग फसलें लें जिससे क्षेत्र के किसानों को अधिक मुनाफा मिलेगा। उन्होंने किसानों से कम पानी वाली फसलें तथा नगदी फसलें लेने की सलाह दी। श्रीमती राय ने कहा कि आदर्श विकासखंड होने से अधिकारी एवं कर्मचारी यहां रहेंगे जिससे किसानों की समस्याओं का मौके पर निदान होने के साथ उन्नत तकनीकी की भी जानकारी मिलेगी।