कोतवाली थाना के पास मेडिकल एजेंसी से उड़ाए नकद पांच लाख, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

Dec 26 2020

ग्वालियर। कोतवाली थाना क्षेत्र में एक मेडिकल एजेंसी से दो चोरों ने पांच लाख रुपए की नकदी चोरी कर ली। वारदात 24-25 दिसंबर की दरमियानी रात को घटित हुई। सुबह चोरी की सूचना मिली तो मालिक समेत पुलिस भी पहुंच गई। खास बात यह है कि उक्त मेडिकल एजेंसी से थाना चंद कदम की दूरी पर है। इसके बाद भी चोरों का सर्दी में साहत दिखाना पुलिस को कमजोर साबित कर रहा है। मौके पर स्नीफर डॉग की टीम भी पहुंची, लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। 
कोतवाली थाना के पास दयाल बैंड के बगल में पवन मेडिकल एजेंसी नाम से प्रमोद पुत्र माणिक चंद अग्रवाल निवासी खेड़ापति कॉलोनी की फर्म है। प्रमोद का दवाईयों का थोक का बड़ा कारोबार है। 25 दिसंबर को करीब नौ बजे उन्होंने अपना संस्थान को बंद किया और घर आ गए। इसी रात चोर आनंद बैंड की दुकान की छत पर चढ़े और कूंदकर एजेंसी की छत पर आ गए। यहां उन्होंने लोहे के दो गेट तोड़े और अंदर प्रवेश कर गल्ले में रखे पांच लाख रुपए चोरी कर ले गए। सुबह के समय उन्हें सूचना मिली कि चोरी हो गई है। वे भागे-भागे पहुंचे। संचालक ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दी कि हमेशा की तरह दुकान बंद कर घर चला गया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ की है।
सीसीटीवी में दिो चोर, पुलिस को मिले लू
चोरी की वारदात को अंजाम देते हुए दो चोर सीसीटीवी में कैद हो गए हैं। चोरों ने फेस को कवर नहीं किया है। इस कारण सीसीटीवी में उनका चेहरा स्पष्ट दिखाई दे रहा है। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस ने साक्ष्य के तौर पर सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है।
कोतवाली क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की वारदात
शहर में चोरों को पुलिस का खौफ नहीं है। इसका अंदाजा इसी माह में करीब 20 दिनों के अंतराल में चोरी की वारदात से लगाया जा सकता है। कोतवाली थाना क्षेत्र में तो चोरी की घटनाएं हो रही हैं। यहां के मेडिकल कारोबारियों ने आरोप लगाया है कि थाना बगल में है लेकिन रात को गश्त नहीं होती है। चोरों के हौंसले इतने बुलंद है कि छत के रास्ते घुसे और पांच लाख की रकम पर हाथ साफ कर गए।