ग्वालियर की जेल में खुला पुस्तकालय, 1100 बार कोडेड किताबें शामिल

Dec 26 2020

ग्वालियर। कोविड -19 की महामारी के कारण मार्च 2020 से बहुप्रतीक्षित केन्द्रीय कारागार ग्वालियर में मध्यप्रदेश के पहले पुस्तकालय का 1100 बार कोडिड पुस्तकों के साथ बिमटेक पुस्तकालय का लोकार्पण सम्पन्न हुआ। इस पुरुष वार्ड के पुस्तकालय का लोकार्पण मुख्य अतिथि सॉंसद विवेक नारायण शेजवलकर, विशिष्ट अतिथि श्रीमती प्रमिला बाजपेयी (भूतपूर्व राज्यमन्त्री दर्जा प्राप्त) के सानिध्य में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर रंगनाथन सोसायटी ( बिमटेक नोयडा) के सचिव डॉ ऋषि तिवारी ने बताया कि रंगनाथन सोसायटी के माध्यम से उत्तर प्रदेश की 14 कारागारों में सफलतापूर्वक पुस्तकालयों का सफल संचालन किया जा रहा है। मध्यप्रदेश में इस पुस्तकालय से शुरूआत करने के बाद अगला पुस्तकालय नरसिंहपुर जेल में प्रस्तावित है। मध्यप्रदेश रंगनाथन सोसायटी की प्रभारी रोटे.संध्या राममोहन त्रिपाठी ने बताया कि महिला वार्ड में 500 पुस्तकों के साथ एक अलग पुस्तकालय शीघ्र ही खोला जायेगा। अभी महिला वार्ड के चिन्हित हॉल में कोविड सेन्टर होने की वजह से इसमें अभी समय लगेगा। केन्द्रीय जेल अधीक्षक मनोज साहू ने सोसायटी की पहल पर पुस्तकालय की स्थापना के लिए संस्था का आभार व्यक्त किया।
मुख्य अतिथि  शेजवलकर ने अपने उद्बोधन में सेन्ट्रल जेल सभागार में क़ैदियों से मुख़ातिब होते कहा कि आज भारत रत्न, ग्वालियर के लाड़ले सपूत, जन जन के प्रिय स्व अटल बिहारी बाजेपेयी के जन्मदिन के अवसर पर पुस्तकालय का लोकार्पण उस महान व्यक्तित्व को सच्ची श्रद्धांजलि है। आगे बोलते हुए बताया कि पुस्तकें आपके जीवन में बदलाव व समय के सदुपयोग के लिए बहुत महत्वपूर्ण साधन है। आशा है आप लोग पुस्तकालय का लाभ उठाकर अपने आपको जीवन की मुख्यधारा में जोडकर एक अच्छे नागरिक बनने के साथ साथ एक अच्छे समाज का निर्माण करने में महती भूमिका निभायेंगे।
अन्त में सद्कार्य के लिए रंगनाथन सोसायटी ( बिमटेक नोएडा) द्वारा ग्वालियर कारागार के चयन के लिए और पुस्तकालय की सौगात देने के लिए बधाई और आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर डिप्टी जेलर महेश टिकारिया के अलावा रंगनाथन सोसायटी ग्वालियर के सदस्य सुधीर त्रिपाठी, सौरभ चतुर्वेदी, श्रीमती वन्दना पाण्डे व ओमवती शर्मा के अलावा श्रीमती ओम कैलाश बेनीवाल, गौरव चौहान, विमल राठौर प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।