हिन्दू जागरण मंच ने हिन्दू समाज को जाग्रत करने निकाली बलिदान यात्रा

Dec 26 2020

ग्वालियर। गुरु गोविन्द सिंह जी के चारों साहिबजादों के बलिदान स्मृति में हिन्दू जागरण मंच ग्वालियर विभाग द्वारा कृषि महाविद्यालय में संगोष्ठी एवं बलिदान यात्रा का आयोजन किया गया। बलिदान यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए फूलबाग पर समाप्त हुई। इस दौरान हिन्दू समाज व आमजन को उनके बलिदान की गाथाएं बताई गईं। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित जयारोग्य चिकित्सालय के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. जेएस नामधारी ने गुरु गोविन्द सिंह व उनके चारों साहिबजादों के बलिदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु गोविन्द जी के चारों पुत्रों ने देश व समाज के लिए अपने प्राणों की आहूति दे दी। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। किशोरावस्था के दोनों बच्चे जब दीवार में चिनवाये जा रहे थे तो उनके बच्चों ने देशधर्म के वास्ते कारीगरों से तेज आवाज में कहा जोरावर जोर से बोला, फतेह सिंह शेर सा बोला।
रखो ईंटे भरो गारे, चुनों दीवार हत्यारे
निकलती साँस बोलेगी, हमारी लाश बोलेगी।
यही दीवार बोलेगी, हजारों बार बोलेगी।
हमारे देश की जय हो। पिता दशमेश की जय हो। उनकी वीरगाथाएं देश व समाज को नई दिशा देने का काम करती रहेंगी। मुख्य वक्ता ने कहा कि लोगो ने जब गुरु गोविंद सिंह को बताया कि उनका पूरा परिवार और चारो बच्चों का बलिदान युध्द में हो गया है तब गुरु गोविंद सिंह जी ने चारों बच्चों के बलिदान होने के बाद कहा 
देश धर्म के वास्ते वार दिये सुत चार
चार गए तो क्या हुआ जीवित कई हजार
प्रांताध्यक्ष राजीव दण्डौतिया ने कार्यक्रम की रूपरेखा के बारे में बताया। मंचासीन अतिथियों में प्रदेश संगठन मंत्री डॉ. मनीष उपाध्याय, विभाग अध्यक्ष राजेश कुशवाह शामिल थे। संगोष्ठी के पश्चात् बलिदान यात्रा निकली। यह यात्रा गोला का मंदिर, मुरार, बारादरी, पड़ाव, इंदरगंज, बाड़ा, शिन्दे की छावनी होते हुए फूलबाग पर समाप्त हुई। यात्रा का जगह-जगह स्वागत हुआ। इस दौरान सिख संगत के डॉ. अमरजीत सिंह भल्ला, रमनसिंह, मनजीत सिंह, जीएस कोचर, रणदीप सिंह, हिन्दू जागरण मंच के पदाधिकारी रविकांत सिंह भदौरिया, जयदीप सिंह, ऊदल सिंह, विनायक गुप्ता, हीरेन्द्र राजावत आदि उपस्थित रहे। संचालन बसंत गोडयाले एवं आभार लोकेन्द्र सिंह भदौरिया ने व्यक्त किया।