आसमान पूरी तरह साफ होने से ठंड अपना असर दिखा रही

Dec 24 2020

ग्वालियर। शीतलहर के कारण ठंड अपना रंग दिखा रही है। दिन तो किसी तरह गुनगुनी धूप के सहारे कट रहा है लेकिन शाम होते ही हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस होने लगती है। तेज ठंड के कारण रात को जल्दी सड़कें सूनी होने लगी हैं वहीं कोहरे और ठंड के कारण लोगों की सुबह भी देर से हो रही है। उत्तर की ओर से आ रहीं ठंडी हवाओं ने गुरुवार की सुबह भी लोगों को कंपा दिया। लोग देर तक गुनगुनी धूप में बैठकर ठंड को भगाने का प्रयास करते रहे लेकिन शीतलहर कोई कसर नहीं छोड़ रही थी। सर्द हवाओं के कारण लोग देर से ही घर से निकलने की हिमत जुटा सके। हालांकि इसके बाद भी उन्हें गरम कपड़ों का सहारा लेना पड़ा। शीतलहर के कारण सरकारी कार्यालयों के दफ्तर भी सूने-सूने नजर आ रहे हैं। कर्मचारी और अधिकारी पूरे दिन धूप सेंकते नजर आते हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि अभी आसमान पूरी तरह साफ है इस वजह से ठंड अपना असर दिखा रही है लेकिन अगले दो से तीन दिन में मौसम एक बार फिर करवट बदल सकता है। पश्चिमी विक्षोभ तैयार हो रहा है इसके बाद आसमान पर बादल मंडरा सकते हैं। हल्की बारिश की संभावना भी है। उस दौरान तापमान फिर से ऊपर जा सकता है और ठंड से हल्की राहत मिलने की संभावना है।