धूप से मिल रही राहत, रात को बढ़ेगा पारा

Dec 20 2020

ग्वालियर। मौसम में जारी उतार-चढ़ाव के बीच शनिवार को न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो गया। रविवार की सुबह से ही चटक धूप खिलने के कारण लोगों को सर्दी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने आगे के दिनों में भी एक से दो डिग्री सेल्सियस पारा बढऩे का पूर्वानुमान जताया है। इससे ठंड में मामूली राहत मिलने की
उम्मीद है। 
मौसम विभाग के अनुसार जिले में उत्तर-पश्चिम दिशा से पहाड़ों की तरफ से आने वाली हवाओं ने मौसम का रुख एकदम से बदल दिया। पिछले दिनों तक इन हवाओं की गति तीन-चार किलोमीटर प्रतिघंटा थी, जो कि अब बढ़कर 12 किलोमीटर हो गई है। इसी कारण तड़के चार बजे न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क गया। जबकि, अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा। इस सप्ताह तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस का इजाफा हो सकता है। अधिकतम तापमान 2526 और न्यूनतम सात से आठ डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है। कभी बदली तो कभी आसमान साफ रहने की उम्मीद है।