माधव नगर में तुड़ाई, दुकानों को किया गया सील, उच्च न्यायालय के आदेश पर की गई कार्यवाही

Dec 19 2020

 ग्वालियर। शहर की पॉश कालोनियों में शामिल माधव नगर में उच्च न्यायालय के आदेश पर शनिवार को तुड़ाई शुरू हो गई है। भारी पुलिस बल के मौजूद होने के कारण निगम अफसरों को किसी प्रकार के विरोध का सामना नहीं करना पड़ा है। कार्रवाई के दौरान जिन दुकानों में व्यावसायिक गतिविधियों का संचालन हो रहा था, उनको मौके पर ही सील कर दिया गया है। 
माधव नगर इलाके में शुक्रवार को तुड़ाई होना थी, लेकिन पुलिस फोर्स नहीं मिलने के कारण कार्रवाई टल गई थी। शनिवार को पुलिस बल मिलते ही निगम अमले ने तुड़ाई शुरू कर दी है। स्थानीय निवासियों ने तुड़ाई रूकवाने के लिए सांसद से लेकर विधायक सतीश सिकरवार तक से गुहार लगा ई थी, लेकिन न्यायालय का आदेश होने के कारण कहीं से राहत नहीं मिली है। शनिवार को निगम अमले ने पुलिस फोर्स के साथ माधव नगर में पहुंचकर अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया है। जेसीबी से अवैध निर्माण ढहाने के साथ ही यहां पर दुकानों को भी सील किया जा रहा है। पुलिस बल की मौजूदगी के कारण किसी के द्वारा किसी प्रकार का विरोध नहीं दर्ज कराया गया है।
शहर की पॉश कालोनी माधव नगर को आवासीय कालोनी के रूप में नगर निगम से मंजूरी मिली थी, लेकिन शहर के बीच एवं पॉश कालोनी होने से यहां पर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित होने लगी हैं। माधव नगर में कई बड़े डॉक्टर्स के अस्पताल हैं। इन क्लीनिक, कोचिंग सेंटर, चाय, पान की गुमटी, आदि व्यावसायिक गतिविधियों के विरोध में उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई थी। याचिका की सुनवाई के बाद न्यायालय ने नगर निगम को कार्रवाई के आदेश दिए थे। इसके बाद 2014 में नगर निगम ने कार्रवाई कर यहां पर संचालित हो रही व्यवसायिक गतिविधियों को बंद करा दिया था। कुछ समय बाद लोगों ने फिर से यहां पर अपने कारोबार प्रारंभ कर दिए। इसके बाद उच्च न्यायालय में फिर से याचिका लगाई गई थी। इसकी सुनवाई करते हुए उच्च न्यायालय ने नगर निगम आयुक्त को आदेश जारी किया था कि अगर आदेश का पालन नहीं किया गया तो वह उन पर कार्रवाई करेगा।