कमजोर वर्ग के लिए बनें संवेदनशील: आईजी

Dec 17 2020

ग्वालियर। कमजोर वर्ग के लिए अपने अंदर संवेदनशीलता रखें, जिससे उन्हें न्याय मिल सके और वह अपनी शिकायत आपको बता सकें। यह बात होटल लैण्ड मार्क एनएक्स में आयोजित कमजोर वर्गों के प्रति संवेदनशीलता पर आयोजित सेमिनार में आईजी ग्वालियर संभाग अविनाश शर्मा ने कही। उनके साथ ही कार्यक्रम में एसपी ग्वालियर अमित सांघी और एसपी अजाक डॉ. रायसिंह नरवरिया तथा अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद थे। 
उन्होंने कहा कि कमजोर वर्ग के प्रति आपकी संवेदनशाीलता ही उसे समय पर मदद दिला सकती है। इसलिए जब भी कमजोर वर्ग अपनी शिकायत लेकर आए, उसकी बात सुने और तत्परता से कार्रवाई करें, जिससे समय पर उन्हें मदद मिल सके। इस अवसर पर अजाक एसपी रायसिंह नरवरिया ने कहा कि आपके द्वारा की गई कार्रवाई से ही पीडि़त का विश्वास आप पर होगा और अपनी बात वह आपके सामने रख सकेगा। 
थाने में आने वाला किसी के द्वारा पीडि़त होता है और वह मदद मांगने के लिए ही आता है, ऐसे में आपके द्वारा किए गए संवेदनशील व्यवहार से उसे मदद मिलती है और वह अपनी बात आपसे कहता है। इसलिए पीडि़त की मदद के लिए सदैव तैयार रहे। 
खुद को रखें पीडि़त के स्थान पर
सेमिनार में एसपी अमित सांघी ने बताया कि जब भी थाने पीडि़त आता है आप खुद को पीडि़त के स्थान पर रखकर उसकी बात सुने, जिससे उसकी परेशानी का आपको भास हो और आप उसकी मदद के लिए सजग रहें। विवेचना के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखें कि किसी के साथ गलत ना हो। साथ ही कमजोर वर्गों के लिए शासन द्वारा जो राहत दी जाती है उसे भी जल्द निबटाएं, जिससे पीडि़त को मदद मिल सके।