महिला कांग्रेस अध्यक्ष के बेटे को कुत्ते से कटवाया, केस दर्ज

Dec 17 2020

ग्वालियर। महिला कांग्रेस की जिला अध्यक्ष और महापौर पद की दावेदार रुचि ठाकुर के बेटे को उनकी रिहायशी सोसायटी के ही कर्मचारियों ने कुत्ते से कटवा दिया जिससे वह बुरी तरह जख्मी हो गया। 
रुचि राय ठाकुर न्यू सिटी सेंटर स्थित बिंसर हिल्स में सपरिवार रहती है। इस सोसाइटी में देखरेख के लिए दो लोगो को रखा गया है जिन्हें प्रत्येक रहवासी हर माह नकद पैसे भुगतान करता है। उनका बेटा वहां खेल रहा था तभी वहां बैठे कर्मचारियों ने कुत्ते को छू बोला और कुत्ता उनके बेटे को काटने दौड़ा। उसने बच्चे को पेट सहित कई जगह काट लिया। आसपास घूम रहे बड़े बच्चो ने जैसे -तैसे उसे कुत्ते के चंगुल से बचाया और घर तक पहुंचाया।
इसकी जानकारी मिलने के बाद सुश्री ठाकुर उसे लेकर थाने पहुंची और सारी बात बताई जिसे सुनकर पुलिस ने दोनों नामजद आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि सिंधिया समर्थक रहीं सुश्री ठाकुर कांग्रेस में ही रहीं। कांग्रेस ने उन्हें महिला कांग्रेस का जिला अध्यक्ष बना दिया। ग्वालियर नगर निगम सवर्ण महिला के लिए आरक्षित होने के बाद वे महापौर पद के लिए कांग्रेस प्रत्याशी बनने की दावेदारी कर रहीं ही।