महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए भेंट की गई सिलाई मशीनें

Dec 16 2020

ग्वालियर। जैन मिलन एवं चातुर्मास कमेटी के द्वारा चपाबाग धर्मशाला में मुनिश्री विहर्ष सागर महाराज एवं मुनिश्री विजयेष सागर महाराज के सानिध्य में परोपकार दिवस मनाया गया। इस अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं को मुनिश्री की प्रेरणा से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश से सिलाई मशीनें भेंट की गईं। इस अवसर पर सांयकाल गुरूभक्ति एवं भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें भजन गायक शुभम जैन सैमी, ब्रहमचारिणी नीतू दीदी, प्रियंका दीदी, एवं रीना दीदी के द्वारा गुरूभक्ति के भजनों की प्रस्तुति दी गई। 
जैन समाज के प्रवक्ता ललित जैन ने बताया कि कार्यक्रम का प्रारंभ विहर्ष महिला मंडल की महिलाओं ने नृत्य करते हुए मंगलाचरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का दीप प्रज्वलन कैट के प्रदेशाध्यक्ष भूपेन्द्र जैन एवं डॉ वीरेन्द्र कुमार गंगवाल के द्वारा किया गया। इस अवसर पर भूपेन्द्र जैन, डॉ वीरेन्द्र कुमार गंगवाल, अजीत कासलीवाल, ललित जैन, भानू जैन, शुभम जैन, विवेक कुमार, अजय जैन का समाज के द्वारा सम्मान किया गया।