चल रही सर्द हवा, लोग सुबह की सैर से कर रहे परहेज

Dec 14 2020

ग्वालियर। जिले में धीरे-धीरे ठंड बढ़ती जा रही है। मौसम विभाग ने शीत लहर के दोबारा शुरू होने की आशंका जताई है। कुल मिलाकर 20 दिसंबर के बाद सर्दी अपना कमाल दिखाना शुरू कर सकती है। कल रात से आज सोमवार की सुबह तक ठंडी हवाएं चलने से मौसम बेहद ठंडा रहा। आज सूरज निकला तो मौसम कुछ साफ हुआ। आने वाले सप्ताह में बारिश के साथ ही ठंड भी बढ़ सकती है। शहर में पहाड़ों में बर्फबारी का असर भी साफ दिखाई दे रहा है।
आसमान साफ होने और सर्द हवाएं चलने से भी लगातार ठंड बढ़ती जा रही है। वहीं, सर्दी का असर मॉर्निंग वॉक करने वालों पर भी पड़ा रहा है। लोग अब पार्कों में पहले की अपेक्षा कम दिखाई दे रहे हैं।  पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होने औैर आसमान साफ हो जाने से ठंडक अभी और बढ़ेगी। अगले दो दिनों में ही न्यूनतम तापमान छह डिग्री सेल्सियस तक चले जाने की संभावना बन रही है। ग्रामीण क्षेत्र में सुबह की ठिठुरन देखी जा रही है। सुबह से सर्द हवा चल रही है। सुबह कुछ समय के लिए हल्का कोहरा वातावरण में छाया रहा।