ऊर्जा मंत्री तोमर ने जनता दरबार लगा सुनी आमजन की समस्यायें

Dec 13 2020

ग्वालियर। प्रदेश सरकार गरीब, असहाय, मजदूर किसान वर्ग के हितों का ध्यान रखने वाली सरकार है, मुख्यमंत्री का साफ निर्देश है कि कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं से वंचित नही रहना चाहिए। उसी कडी में रविवार को क्षेत्र के नागरिकों की सुविधा तथा उनकी समस्याओं का निदान एक ही जगह पर त्वरित किया जा सके, इसके लिए जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। उक्ताश्य के विचार प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने जनसमस्या निवारण शिविर में कहे। 
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने रविवार को 38 नम्बर बंगले पर आमजन की समस्याओं के निराकरण के लिए जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया। जनसमस्या निवारण शिविर में विद्युत, जल, सफाई, खाद्य, पुलिस आदि के हितग्राहियों की समस्या का निराकरण किया गया। समस्या निवारण शिविर में सबसे ज्यादा विद्युत की समस्यायें आई, उन समस्याओं को मंत्री श्री तोमर ने मौके पर ही निराकरण कर हितग्राही को संतुष्ट कर घर भेजा और अधिकारियों को भी निर्देशित करते हुए कहा कि समस्या छोटी हो या बडी पहले हितग्राही की समस्या सुनो फिर उसका निराकरण करो। 
जनसमस्या निवारण शिविर में माँ वैष्णोंपुरम के रहवासियों ने 33 केवी लाइन को हटवाने के लिए आवेदन दिया साथ ही सबसे ज्यादा समस्यायें बिल संबंधित आई जिसमें अधिक राशि के बिल आना, गलत बिल जारी होना, बिल समय पर न मिलना आदि समस्याओं को लेकर ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने संबंधित अधिकारियो को निर्देशित किया कि बिलों में आंकलित खपत न जोडी जाये साथ ही समय पर मीटर रीडिंग ली जाये जिससे उपभोक्ता को सही यूनिट का बिल मिल सके। 
एक घंटे में मिली मदद से खुश होकर घर लोटी श्रीमती मीरा
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने शिविर में गेंडे वाही सडक से आई श्रीमती मीरा छिलवार पत्नी स्व. पप्पू छिलवार को विधवा पेंशन की स्वीकृति एक घंटे में दिलवाई इस पर श्रीमती मीरा छिलवार ने ऊर्जा मंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि पिछले दस माह से भटक रही थी, फिर भी कोई सुनवाई नही हो रही थी शिविर में आई तो मेरा काम एक घंटे में हो गया साथ ही मेरे पती की मृत्यू होने पर 2 लाख रूपये संबल योजना के तहत दिलवाये और मेरी बेटी की शादी का भी भरोसा दिलाया है। 
स्कूटर पर निकले ऊर्जा मंत्री, क्षेत्र में जानी लोगों की समस्याएं
प्रदेश सरकार के ऊर्जा मंत्री प्रद्युमन सिंह तोमर रविवार को एक बार  फिर अपनी जानी-मानी शैली के अनुसार आम जनों से मिलने के लिए स्कूटर चला कर स्वयं ही क्षेत्र में लोगों की समस्याएं जानने के लिए निकल पड़े। क्षेत्र में उन्हें जहां भी नागरिक मिले उन्होंने विभिन्न समस्याओं के बारे में मंत्री श्री तोमर को बताया। मंत्री श्री तोमर ने तत्काल संबंधित अधिकारियों से बात कर समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही अनेक समस्याओं का निराकरण भी शीघ्र कराने का आश्वासन आम जनों को दिया।