शब्द प्रताप आश्रम पर तीन दुकानों के चोरों ने उखाड़े शटर

Dec 13 2020

ग्वालियर। सर्दी आते ही चोर गैंग रात में वारदात करने निकल पड़ते हैं। नशेड़ी चोर गैंग ने बहोड़ापुर थाना क्षेत्र स्थित शब्द प्रताप आश्रम गली नंबर तीन पर स्थित तीन दुकानों को अपना निशाना बना लिया। चोरों ने एक ही इमारत में स्थापित आर्किटेचर के ऑफिस, कांच का गोदाम और मेडिकल शॉप के शटर उखाड़ दिए। आर्किटेचर ऑफिस और कांच के गोदाम में से कुछ नहीं मिला तो चोर मेडिकल शॉप से एक एलसीडी और गल्ले में रखी नगदी चिल्लर समेत 15 हजार रुपए ले गए। चोरी का पता आज सुबह 7 बजे आसपास के लोगों द्वारा उखड़े शटर की हालत देखकर लगा। जल्द ही मालिक को सूचना दी गई। मौके पर बहोड़ापुर थाना पुलिस भी पहुंच गई।
जानकारी अनुसार घने बसे शब्दप्रताप आश्रम की गली नंबर तीन में दीपेश राजपूत निवासी शद प्रताप आश्रम, हाकिम बाथम निवासी लक्ष्मण तलैया और इसी क्षेत्र के निवासी ब्रजेन्द्र राजपूत का दयाल मेडिकल के नाम से शॉप है। पीडि़त राजपूत ने बताया कि रात को दुकान बंदकर घर गए। सुबह मालूत हुआ कि चोरी हो गई है। भागे-भागे आए तो देखा कि दो अन्यदुकानों को भी चोरों ने निशाना बनाया है, लेकिन मेरी ही दुकान का सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। पुलिस मौके पर थी और दयाल मेडिकल का एक तरफ का शटर पूरी तरह से चोरों ने जैक कटर की मदद से उखाड़ दिया था। वहीं कांच के गोदाम का एक तरफ का शटर निकला था, यहां से चोर कोई माल नहीं ले गए। 
दीपेश राजपूत आर्किटेट के ऑफिस का आधा शटर खुला हुआ था और यहां एक लेपटॉप जमीन पर गिरा था, जिसे चोर नहीं ले गए। दयाल मेडिकल संचालक को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। चोरों ने दवाई, सेनेटायजर और इंजेशन के डिब्बे फ्लोर पर फैंक दिए। गल्ले में रखी नकदी और पीछे लगी एलसीडी खींचकर ले गए।
दो माह पूर्व भी मेडिकल के ताले टूटे थे
मौजूद मेडिकल संचालक ने बताया कि दो माह पूर्व भी सुबह जब वे शॉप पर आए तो उनकी दुकान के दोनों ताले टूटे हुए थे। लेकिन चोर शटर नहीं खोल सके थे। यहां से पुलिस चौकी महज 100 मीटर दूर है, लेकिन पुलिस रात को गश्त नहीं करती है। ऐसा आरोप पीडि़त दुकानदार ने लगाया। मेडिकल की दुकान में एक सीसीटीवी कैमरा भी लगा हुआ था, लेकिन फर्नीचर की एक रैक लॉकडाउन में बनवाई गई तो कैमरा उसकी आड़ में था तो निकलवा दिया गया था।
रात को लगता है नशेडिय़ों का जमघट
शब्दप्रताप आश्रम गली नंबर तीन के सामने एक नगर-निगम का पार्क है जो देखरेख के अभाव में कई सालों से उजाड़ है। यहां शाम गहराते ही बड़ी संख्या में नशेडिय़ों का जमघट लगना शुरू हो जाता है। थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना कर लोगों से वारदात की जानकारी ली, लेकिन पुलिस को चोरों का सुराग नहीं लग सका। अब पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालेगी।