माधव नगर निवासियों ने निराधार नोटिस पर जताई आपत्ति

Dec 10 2020

ग्वालियर। नगर निगम अधिकारियों द्वारा माधवनगर वासियों को माननीय न्यायालय की आड़ में नोटिस वितरित किए गए हैं। इस सम्बन्ध में माधवनगर वासियों ने बताया कि माननीय न्यायालय के आदेश पर पूर्व से ही समस्त अवैध व्यावसायिक गतिविधियां बंद हैं। साथ ही कॉलोनी में किसी प्रकार के अतिक्रमण की शिकायत किसी कॉलोनीवासी ने नगर निगम या माननीय न्यायालय में नहीं करी है। ना ही कभी भी कॉलोनी में ऐसा कोई सड़क जाम, या प्रदूषण या ध्वनि प्रदूषण या ज्वलनशील पदार्थ या कोई अन्य आपत्तिजनक काम की किसी प्रकार की कोई शिकायत थाने या नगरनिगम में कॉलोनी वासियों द्वारा की गई है। 
इसी क्रम में गुरूवार को कोलॉनी वासियों द्वारा सांसद विवेक शेजवलकर, विधायक सतीश सिकरवार आदि से भेंट कर कोर्ट के निर्णय की जानकारी और कॉलोनी की वस्तुस्थिति से अवगत कराया गया। कॉलोनी वासियों का आक्रोश इस बात पर अधिक था कि उनकी प्रतिष्ठित कॉलोनी की छवि खराब की जा रही है, जबकि कॉलोनी के समस्त नागरिक शिक्षित और जिम्मेदार होकर स्वविवेक से ही माननीय न्यायालय के निर्देशों का पालन किया जा रहा है। इसके बाबजूद कॉलोनी से बाहर के असंबद्ध व्यक्ति की याचिका पर बार बार लोगों को निराधार नोटिस दिए जा रहे हैं।