चौपाटी पुनर्विकास के लिए ग्वालियर स्मार्ट सिटी ने चौपाटी कार्यकारी सदस्यों के साथ की प्रारम्भिक बैठक

Dec 06 2020

ग्वालियर। ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा 60 डे चैलेंज के अन्तर्गत चौपाटी का पुनर्विकास किया जाना है। इसको लेकर ग्वालियर स्मार्ट सिटी द्वारा व्यापक योजना बनाई गई है तथा निविदाएं आमन्त्रित की गई हैं। इस सम्बन्ध में चौपाटी के सदस्यों के साथ ग्वालियर स्मार्ट सिटी के मोतीमहल स्थित कार्यालय में बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में हितधारकों से पुनर्विकास की विस्तृत योजना साझा की गई। प्रेसेंटेशन के माध्यम से चौपाटी के नये स्वरूप व सुविधाओं के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। टेनसाईल रूफि़ंग, प्लांड सीटिंग एरिया, पाथवे, बेंच व बच्चों के लिये प्ले एरीया आदि का प्रावधान किया गया है। साथ ही जल निकासी के लिये कारगर ड्रेनेज सिस्टम, प्रकाश व्यवस्था, एंट्री गेट आदि से चौपाटी को लोगों के लिये सुगम बनाया जाएगा। इस सम्बन्ध में सदस्यों ने वैकल्पिक रूप से निर्माणअवधि में महिला पॉलीटेकनिक के पीछे स्थित तिकोनिया पार्क से अपना व्यवसाय संचालित करने हेतु सहमति दी। इस बैठक में सदस्यों द्वारा जो सुझाव दिये उन्हें इस परियोजना में शामिल किया जायेगा। 
ग़ौरतलब है कि फूलबाग स्थित चौपाटी स्थानीय लोगों के बीच ख़ासा लोकप्रिय स्थल है जहां लोग खानपान व मनोरंजन के लिये आते हैं। इस परियोजना से यह स्थल स्थानीय एवम् पर्यटकों के लिये और भी लुभावना हो जायेगा।