विभिन्न संगठनों ने मनाया संविधान निर्माता का परिनिर्माण दिवस

Dec 06 2020

भितरवार। भारतीय संविधान के निर्माता समाज सुधारक भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर बाबा साहेब की 64 वीं पुण्यतिथि भी पिछले वर्षों की भांति परिनिर्माण दिवस के रूप में मनाई गई। विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं राजनैतिक दलों के जनप्रतिनिधियों ने करैरा तिराहे पर पहुँचकर बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया। रविवार को डॉ भीमराव अंबेडकर के परिनिर्माण दिवस मनाने करैरा तिराहे पर पहुँचे पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष सतीश मघैया, भाजपा नेता रामेश्वर रावत, दिनेश भटेले कांग्रेस नेता सुनील यादव, बसपा नेता सुरेश रावत ने संबिधान निर्माता बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद किया।इस दौरान उक्त जनप्रतिनिधियों ने कहा कि  बाबा साहेब ने आज ही के दिन छह दिसंबर 1956 को अंतिम सांस ली थी। आज के दिन परिनिर्वाण दिवस के रूप में मनाया जाता है। वहीं उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के लिए बाबा साहब द्वारा किये गए कार्य से देश मजबूती के रास्ते पर खड़ा है। बाबा साहेब का सम्पूर्ण जीवन सादगी भरा रहा हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके द्वारा बताए मार्ग पर चलना चाहिए। वहीं इसी प्रकार वार्ड क्रमांक 3 स्थित बगिया में पहुँचे भाजपा नेता उदयभान सिंह रावत ने डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें याद करते हुए कहा कि बाबा साहेब संविधान निर्माता थे। वे जीवन भर गरीबों, दलितों, शोषितों व पिछड़ों के लिए संघर्ष करते रहे। उनके आदर्शो पर चल कर ही एक सच्चे समाज का निर्माण किया जा सकता है। बाबा साहेब ने सामाजिक छुआ-छूत और जातिवाद के खात्मे के लिए काफी आंदोलन किए. उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीबों, दलितों और समाज के पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए न्योछावर कर दिया।