पेट्रोल 90 पार कांग्रेस बोली, अब तो रहम करो सरकार, यदुनाथ सिंह तोमर ने कहा-कांग्रेस शासन में विरोध जताने वाली बीजेपी अब चुप क्यों?

Dec 04 2020

ग्वालियर। कोरोना संकट के बीच पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही लगातार बढ़ोतरी ने आम लोगों की परेशानियां बढ़ा दी है। यह पहला मौका है कि मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल 90 रुपए प्रति लीटर के हिसाब से बिक रहा हो। इसे लेकर मप्र कांग्रेस के प्रदेश महासचिव यदुनाथ सिंह तोमर ने शिवराज सरकार पर हमला बोला है।
मप्र कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश महासचिव यदुनाथ सिंह तोमर ने कहा कि ऐसा पहली बार है कि मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की कीमतें आसमान छू रही हो। उन्होंने कहा कि भले ही पीएम मोदी के लिए कोरोना आपदा अवसर के रूप में आई है। लेकिन भाजपा तो हमेशा कांग्रेस शासन काल में पेट्रोल डीज़ल की हर मूल्य वृद्धि पर सड़क पर उतर कर विरोध करती थी अब चुप क्यों है?
उल्लेखनीय है कि मध्य प्रदेश में पेट्रोल और डीजल के दाम आसमान छू रहे हैं। यह पहला मौका है कि भोपाल समेत 4 महानगरों में पेट्रोल और डीजल के दाम 90 रुपए प्रति लीटर के पार पहुंची हो। शिवराज सरकार सत्ता संभालने के बाद पेट्रोल पर टैक्स 9 फीसदी और डीजल पर 8 फीसदी तक बढ़ा चुकी है। अभी मध्य में प्रदेश में पेट्रोल पर 39 प्रतिशत और डीजल पर 27 प्रतिशत टैक्स लग रहा है। लगातार पेट्रोल और डीजल के दामों में हो रही बढ़ोतरी की वजह से आम लोगों की परेशानियां बढ़ गईं हैं। कोरोना की मार से आम जनता तो पहले ही परेशान हैं अब पेट्रोल और डीजल की कीमतों से उनकी परेशानी में और बढ़ौतरी हुई है।