न मास्क न ही हो रहा शारीरिक दूरी का पालन कैसा कोरोना, नहीं डर रही भीड

Dec 04 2020

ग्वालियर। सहालग के चलते इन दिनों शहर के मुख्य बाजारों में उमड़ रही भीड़ को देख लगता है कि कोरोना नामक जानलेवा बीमारी से शहर पूरी तरह अछूता है। बाजारों में उमड़ रही खरीदारों की भीड़ न तो मास्क लगा रही है और न ही शारीरिक दूरी का पालन करती दिख रही है ऐसे में कोरोना संक्रमण बढऩे का अंदेशा दो गुना बढ़ गया है। जबकि संक्रमण से बचाव के चलते ही प्रशासन ने रात आठ बजे शहर बंद कराने का फैसला लिया था उसका कोई असर नहीं दिख रहा है।
शहर के तीनों उपनगरों के बाड़ा, हजीरा व मुरार के सदर बाजार से लेकर बारादरी चौराहे पर रोजाना शाम चार से रात आठ बजे के बीच यहां के संकरे बाजारों में पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। लोग शादी-ब्याह व घरेलू सामान की खरीदारी करने के लिए इन्हीं चार घंटे में सबसे अधिक पहुंचते हैं, जिसके कारण इन व्यस्तम बाजारों में उमड़ रही भीड़ को देख लगता है कि शहर से कोरोना संक्रमण खत्म हो चुका हैं। 
दाल बाजार बन चुका कोरोना का हॉट-स्पॉट
शहर के किराना थोक बाजार दाल बाजार में अब तक कोरोना से किए गए इंतजाम केवल कागजों पर ही दिखाई द रहे हंै । दाल बाजार में रोजाना दोपहर एक से शाम छह बजे तक खरीदारों का जमघट लगा दिखता है यहां की तंग गलियों से लेकर मुख्य मार्ग पर इस समय में पैदल चलना भी मुश्किल है, यही कारण है कि कोविड नियमों का पालन नही होने के कारण सबसे अधिक संक्रमित मरीज दालबाजार इलाके से ही सामने आ रहे है। आलम यह है कि सिटी सेंटर व डीडी नगर के बाद सबसे अधिक कोरोना संक्रमित दाल बाजार से ही सामने आ रहे हंै। 
लश्कर क्षेत्र में हालत सबसे खराब
सबसे अधिक हालत खराब लश्कर क्षेत्र के सभी बाजारों की है। कारण यह है कि लश्कर क्षेत्र में कपड़े से लेकर सौंदर्य प्रसाधन ही नहीं सोने-चांदी के आभूषण की दुकानें तंग गलियों में हैं, जहां पर लोग एक-दूसरे से सटकर खरीदारी करते नजर आते हैं। सराफा व कपड़ों की बड़ी दुकानों पर बकायदा मास्क व शारीरिक दूरी के नियम को अनिवार्य किया गया है, लेकिन छोटी दुकानों पर गाइडलाइन का पालन नहीं हो पाता है।
12 घंटे में कोरोना से 3 और मौत
बीते 12 घंटे के दौरान कोरोना संक्रमण से 3 मरीजों ने अपनी जान गंवा दी। राजेश तरेजा उम्र 56 साल, शांति देवी पत्नी हरदास उम्र 45 साल और उपेंद्र सिंह राजावत पुत्र अयोध्या उम्र 82 साल इन तीनों की उपचार के दौरान मल्टी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में मौत हो गई। शहर में अब तक 16082 मरीज कोरोना संक्रमित सामने आ चुके हैं, वहीं अभी तक कुल 270 लोग इस जानलेवा वायरस से अपनी जान खो चुके हैं।