कृषि कानून बिल के विरोध में किसानों का फूलबाग पर प्रदर्शन

Dec 03 2020

ग्वालियर। दिल्ली में चल रहे किसानों के आंदोलन के समर्थन में ग्वालियर जिले के किसानों ने आज फूलबाग चौराहे पर प्रदर्शन किया। किसानों ने फूलबाग चौराहे पर करीब एक घंटे तक जाम लगाया। किसानों के आंदोलन से पहले ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाल ली थी।
जिले भर के किसान दोपहर 12 बजे से फूलबाग चौराहे पर एकत्र होने लगे। इनमें मुरार, मऊ जमाहर, विक्रमपुर, भदरौली, सुसेरा, भयपुरा, झंडा का पुरा, गिरवाई, अजयपुर, वीरपुर, छोटी मढ़ैया, बड़ी मढ़ैया, बहादुरपुर, सिहौली, बंधौली सहित दर्जनों गांवों के किसान शामिल थे। फूलबाग पर प्रदर्शन के बाद यह किसान कमिश्नर कार्यालय पहुंचे और कमिश्नर को तीनों कृषि कानून वापस लेने और बिजली विधेयक वापस लेने की मांग की। यह किसान चार पहिया, दो पहिया वाहनों से फूलबाग चौराहे पर पहुंचे। कुछ किसान ट्रैक्टर-ट्रॉलियों से भी फूलबाग चौराहा पर पहुंचे।
आंदोलन को लेकर किसानों का कहना है कि केंद्र सरकार किसान आंदोलन की अनदेखी कर रही है और किसानों की मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है यह ठीक नहीं है। सरकार को किसानों की बातों को गंभीरता से लेते हुए उनकी बातों को मानना चाहिए। गत दिवस जिले और अंचल के सैकड़ों किसान एकजुट होकर दिल्ली रवाना हो गए हैं। रास्ते में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े इसके चलते यह किसान ट्रॉलियों में राशन-पानी की पूरी व्यवस्था कर ग्वालियर से दिल्ली के लिए रवाना हुए। किसान चीनौर के घरसोंदी गुरुद्वारे पर एकत्र हुए। किसान संगठनों ने हर घर से एक ट्रैक्टर-ट्रॉली आंदोलन में शामिल करने की अपील की थी, इसके चलते किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर आंदोलन के लिए रवाना हुए। 
गांव-गांव जाकर बैठक की थी किसान संगठनों ने
किसान आंदोलन के समर्थन में किसान संगठनों ने गांव-गांव जाकर किसानों को एकजुट किया। फूलबाग पर आंदोलन करने के लिए किसान सभा के लिए किसान संगठन पिछले एक हफ्ते से किसानों से संपर्क कर रहे थे। किसान संगठनों ने किसानों के साथ बैठक कर कृषि बिल के बारे में उन्हें जानकारी दी।
सीटू ने किया विरोध प्रदर्शन
कृषि कानूनों को वापस लेने, किसानों पर लाठीचार्ज करने, आंसू गैस के गोले चलाने के खिलाफ सीटू ने गत दिवस प्रदर्शन किया। सीटू नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों के आंदोलन को कुचलने की साजिश रच रही है। सीटू पदाधिकारियों ने कहा कि केंद्र सरकार को किसानों की मांगों को तत्काल मान लेना चाहिए। प्रदर्शन करने वालों में सीटू के राÓय अध्यक्ष रामविलास गोस्वामी, एमके जायसवाल, मान्यता सरोज, बीपी गणक,रामऔतार दोहरे, मनोज शर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव, शेखगनी, भगवानदास आदि उपस्थित थे।